#हादसा
August 4, 2025
हिमाचल: शादी की खुशियां मातम में बदली, घोड़ी चढ़ने लगा था दूल्हा; थम गई एक बाराती की सांसें
बारात निकलने से कुछ पल पहले व्यक्ति की मौत, खुशियों के बीच गमगीन हुआ माहौल
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला से एक हैरान और दिल को दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादी समारोह में उस समय चीख पुकार मच गई, जब बारात में जाने के लिए तैयार होकर कुर्सी पर बैठे व्यक्ति की अचानक मौत हो गई। इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। यह घटना बिलासपुर जिला के पुलिस थाना भराड़ी के तहत सामने आई है।
पुलिस थाना भराड़ी के तहत आते चलालडू गांव में एक शादी समारोह के दौरान उस समय खुशी का माहौल मातम में बदल गया, जब बारात रवाना होने से ठीक पहले एक युवक की कुर्सी पर बैठे-बैठे अचानक मौत हो गई। घटना रविवार शाम की है, जब रिश्तेदार और ग्रामीण बारात की तैयारियों में जुटे हुए थे। बताया जा रहा है कि ऊना जिले के स्तोथर गांव निवासी 36 वर्षीय विपन कुमार चलालडू गांव में अपने एक करीबी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आए थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: रात भर खाई में पड़े तड़पते रहे 5 कार सवार, सुबह तक तीन ने त्याग दिए प्राण
रविवार की शाम बारात जानी थी और विपन भी पूरे उत्साह के साथ सजधजकर बारात में शामिल होने को तैयार हुए थे। वह तैयार होकर कुर्सी पर बैठे थे और बारात निकलने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक से वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए विपन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भराड़ी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत का कारण हृदयाघात माना जा रहा है। हालांकि, असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: कामधेनु डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता पर उठे सवाल, विभाग ने मारा छापा, जानें क्या बोले विक्रमादित्य
घटना की सूचना मिलते ही भराड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों के बयान दर्ज कर शव को कब्जे में लिया। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम घुमारवीं अस्पताल में करवाया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जिस घर में ढोल-नगाड़ों की गूंज और शादी की रस्मों की चहल.पहल थी, वहां देखते ही देखते मातम पसर गया। रिश्तेदारों की आंखों में खुशी की जगह आंसू थे और बारात की चहल-पहल अब एक दुखद घटना की चर्चा में तब्दील हो चुकी थी। घटना के बाद माहौल इतना गमगीन हो गया कि बारात के लिए जुटे अधिकांश लोग घर पर ही रह गए। केवल कुछ नजदीकी लोग ही रस्म निभाने के लिए दूल्हे के साथ रवाना हुए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : रात में सफर कर रहे थे 5 लोग, आगे सड़क ही गायब थी- 3 की मौ*त, 2 घायल
घुमारवीं के डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। एक खुशी का अवसर पल भर में ही एक अपूरणीय क्षति में बदल गया, जिसे गांववाले और परिजन शायद ही कभी भूल सकें।