#हादसा
November 9, 2025
हिमाचल: ट्रक ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, बेटे की आंखों के सामने मां स्वर्ग सिधारी
बाइक सवार बेटा गंभीर घायल परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में एक बार फिर सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मटौर-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर कंदरौर के पास एक ट्रक और मोटरसाइकिल की भीषण टक्कर में 50 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रदेश में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने लोगों के मन में सड़क सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक नंबर HP-67-7044 ने मोटरसाइकिल नंबर PB-08EB-3653 को कंदरौर के पास जोरदार टक्कर मारी। हादसे में मोटरसाइकिल चला रहे मोहित शर्मा पुत्र स्वर्गीय कुलदीप शर्मा निवासी बल्ही झलेड़ा डाकघर बिनौला तहसील सदर बिलासपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बेटे मोहित के साथ बाइक पर पीछे बैठी उसकी 50 वर्षीय मां पुष्पा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख.पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया गया।
हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रक को अश्विनी कुमार निवासी सुभाष नगर डाकघर मोही तहसील हमीरपुर चला रहा था। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की पुष्टि डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने की है।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। वहीं महिला की मौत और बेटे के घायल होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार को यह यकीन ही नहीं हो रहा है कि उनके परिवार का एक सदस्य अब इस दुनिया में नहीं रहा है।