#हादसा
January 26, 2026
हिमाचल: निजी बस ने बाइक को मारी टक्कर, उछल कर खाई में जा गिरी महिला; थमी सांसें
निजी बस चालक की तेज रफ्तार ने छीन ली महिला की सांसें
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां निजी बस चालकों के बीच सवारियां उठाने ही होड़ ने एक हंसते खेलते परिवार की खुशियों को उजाड़ दिया। प्रदेश के मंडी जिला में एक निजी बस चालक ने तेज रफ्तार में बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर एक महिला अपने भतीजे के साथ घर लौट रही थी। इस हादसे में बाइक पर सवार महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह हादसा मंडी जिला के पंडोह क्षेत्र में रविवार देर शाम को उस समय हुआ, जब महिला अपने भतीजे के साथ बाइक पर सवार होकर पंडोह से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान पंडोह से गोहर की ओर जा रही एक निजी बस ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि जैसे ही बाइक जोगणी मंदिर मोड़ सरांडा के पास पहुंची, उसी दौरान गोहर की ओर से तेज गति में आ रही निजी बस के चालक ने नियंत्रण खोते हुए बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिर पड़े, जबकि महिला सड़क से नीचे करीब 50 से 60 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा.तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत मेडिकल कॉलेज नेरचौक पहुंचाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान जुध्या देवी के रूप में हुई है। आज सोमवार को मेडिकल कॉलेज नेरचौक में शव का पोस्टमार्टम किया गया। जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
इस मामले में सदर मंडी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता खूब राम ने पुलिस को बताया कि हादसा बस चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ। पुलिस ने संबंधित बस (HP-65-2838) को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि बस चालक की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे ने एक बार फिर निजी बस चालकों की मनमानी और तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन सवारियों की होड़ में नियमों को ताक पर रखकर वाहन चलाए जा रहे हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।