#हादसा
March 6, 2025
हिमाचल: पुल की रेलिंग तोड़ हवा में लटकी निजी बस, यात्रियों में मच गई चीख पुकार
ऊना जिला में पेश आई घटना, पुलिस कर रही मामले की जांच
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। कुछ हादसों में लोगों की जानें चली जाती हैं तो कुछ हादसे चालकों की सूझबूझ से टल जाते हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के ऊना जिला से सामने आया है। यहां एक बस अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए आधी हवा में लटक गई। इस हादसे के दौरान बस में बैठे यात्रियों में चीख पुकार मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार आज गुरुवार दोपहर बाद ऊना जिला के संतोषगढ़ पुल पर सिंगा गांव जा रही एक निजी बस अचानक से अनयिंत्रित हो गई। इस दौरान बस ने पुल पर लगी रेलिंग को भी तोड़ दिया और बस का अगला हिस्सा पुल से आगे हवा में लटक गया। कई फीट की ऊंचाई पर बने इस पुल पर हुए इस हादसे के बाद बस में यात्रियों की चीख पुकार मच गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पहुंचे जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदारों ने किया स्वागत; गरमाई सियासत
इस हादसे में बस सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। जबकि चालक और परिचालक सुरक्षित हैं। हादसे के बाद सावधानी पूर्वक बस में सवार यात्रियांे को बस के पिछले हिस्से की ओर से बाहर निकाला गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और हादसे के कारणाों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बस चालक के बयान दर्ज किए हैं।
यह भी पढ़ें : शिवधाम पर गरमाई सियासत: जयराम बोले- CM सुक्खू की 100 करोड़ की घोषणा झूठी
पुलिस केा दिए बयान में बस चालक ने बताया कि अचानक बस की टाई रॉड टूट गई थी, जिसके चलते बस के स्टेयरिंग ने काम करना बंद कर दिया। जिसके चलते बस अनियंत्रित हो गई और पुल की रेलिंग से टकराते हुए आधी हवा में लटक गई। हालांकि चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। चालक ने मुस्तैदी दिखाते हुए बस को रोकने का पूरा प्रयास किया।
हादसे के बाद सड़क के दोनों तरफ वाहनों का लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को पुल से बाहर निकाला और सड़क को वाहनों के लिए बहाल किया। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बस चालक के बयान दर्ज किए गए हैं और पुलिस भी अपने स्तर पर पड़ताल कर रही है।