#हादसा
January 13, 2026
हिमाचल: लोहड़ी के दिन बुझ गया घर का चिराग, पिकअप के खाई में गिरने से युवक की गई जा*न
सड़क से करीब 100 फीट गहरी खाई में गिरी गाड़ी
शेयर करें:

किन्नौर। हिमाचल प्रदेश में आज लोहड़ी के दिन एक भीषण सड़क हादसे में एक घर का चिराग सदा के लिए बुझ गया है। यह बेहद दर्दनाक हादसा जिला किन्नौर में राष्ट्रीय राजमार्ग.05 पर पेश आया है। हादसा ज़ामिल क्षेत्र में नेसंग झूला के पास उस समय हुआए जब एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। मृतक की पहचान प्रवीण सिंह के रूप में हुई हैए जो गांव सुन्नम, तहसील पूह, जिला किन्नौर का निवासी था।
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन (एचपी-27ए-0772) चालक प्रवीण सिंह रिकांगपिओ से अपने पैतृक गांव सुन्नम की ओर जा रहा था। यात्रा के दौरान अचानक वाहन संतुलन खो बैठा और सड़क से करीब 100 फुट नीचे लुढ़कते हुए सतलुज नदी के किनारे जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक को संभलने का कोई मौका नहीं मिला। हादसे में प्रवीण सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने जब दुर्घटनाग्रस्त वाहन को खाई में गिरा देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए भेजा गया।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सड़क की संकरी बनावट या वाहन के अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोग राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर चिंता जता रहे हैं और प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में संकरी सड़कों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं अक्सर जानलेवा साबित हो रही हैं।