#हादसा
February 19, 2026
हिमाचल: पेड़ से टकराई तेज रफ्तार पिकअप, परिवार को बेसहारा छोड़ गया 27 वर्षीय बेटा
एक झटके में उजड़ गई परिवार की दुनिया, जवान बेटे की मौ*त से बेसुध हुए परिजन
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर हादसों की कोई कमी नहीं आ रही है। ऐसा कोई दिन नहीं गुजर रहा है, जब प्रदेश में कोई ना कोई सड़क हादसा ना हुआ हो। ऐसा ही एक दर्दनाक सड़क हादसा हिमाचल के ऊना जिला में हुआ है। इस हादसे में एक परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया। वहीं एक अन्य युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। यह हादसा बीती देर रात को हुआ था।
मिली जानकारी के अनुसार उपमंडल अंब के तहत कलरूही के समीप बुधवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। महिंद्रा पिकअप के पेड़ से टकराने से 27 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में उपचाराधीन है। बताया जा रहा है कि अपर अंदौरा निवासी रवि कुमार अपने दोस्त राहुल कुमार (25) के साथ सेफ एक्सप्रेस की महिंद्रा पिकअप (HP72D 3807) लेकर अंब से मुबारिकपुर की ओर जा रहे थे।
यह भी पढ़ें : आर्थिक संकट की आहट: सीएम सुक्खू पूरी कैबिनेट संग आज करेंगे दिल्ली कूच, राहुल संग बनाएंगे रणनीति
जब यह लोग कलरूही के पास पहुंचे तो अचानक से चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित वाहन सफेदे के एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की पिकअप वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह से चकनाचूर हो गया। इस हादसे में पिकअप में बैठे रवि और राहुल दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू आज जम्मू -कश्मीर जाएंगे: उमर अब्दुल्ला से होगी विशेष चर्चा, मिलकर बनाएंगे केंद्र पर दबाव
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़े। स्थानीय युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए क्षतिग्रस्त वाहन से दोनों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए दोनों को ऊना रेफर कर दिया।
रवि कुमार की हालत ज्यादा गंभीर थी, इसलिए उन्हें ऊना से चंडीगढ़ स्थित पीजीआई रेफर किया गया। परिजनों को उम्मीद थी कि बड़े अस्पताल में इलाज से उनकी जान बच जाएगी, लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था। पीजीआई पहुंचने से पहले ही रवि ने रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं राहुल कुमार का इलाज ऊना अस्पताल में जारी है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि वह अभी भी डॉक्टरों की निगरानी में है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल राज्यसभा चुनाव : बाहरी बनाम लोकल फिर बना मुद्दा, कांग्रेस के सामने चुनौती- BJP भी...
रवि कुमार की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जवान बेटे को खो देने का गम परिजनों के चेहरे पर साफ झलक रहा है। घर का सहारा माता-पिता की उम्मीदों का आधार और परिवार का चिराग एक पल में बुझ गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता की आंखें अपने बेटे की आखिरी झलक के लिए तरसती रह गईं। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस असमय हुई मौत से स्तब्ध है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल की सेब मंडियों में बड़ा खेल! 8 करोड़ की ठगी कर फरार हुए आढ़ती - APMC पर सवाल
पुलिस ने तेज रफ्तार से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आगे की कार्रवाई जारी है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। एक क्षण की लापरवाही ने एक परिवार का सब कुछ छीन लिया, जबकि दूसरा युवक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।