#हादसा

August 5, 2025

हिमाचल : पैदल घर जा रहा शख्स नाले में गिरा, तेज बहाव में हुआ लापता; मिली देह

सड़क किनारे बह रहे नाले में गिर गया था शख्स

शेयर करें:

Una  News

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां भारी बारिश के चलते उफान पर बह रहे नाले में एक शख्स बह गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना मैहतपुर बसदेहड़ा के वार्ड नंबर.4 में उस समय हुई जब स्थानीय निवासी कुलदीप सिंह देर रात पटवारखाना के पास निर्माणाधीन नाले के किनारे से गुजर रहे थे। अंधेरे में रास्ता साफ न होने के कारण वे असंतुलित होकर नाले में गिर गए और तेज बहाव के साथ बहते चले गए।

रातभर चला सर्च अभियान

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन रात के अंधेरे और बहाव की तीव्रता के चलते कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को सूचित किया गया। दोनों एजेंसियों की टीमों ने संयुक्त रूप से रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बावजूद बहे व्यक्ति का पता नहीं चल सका।

 

यह भी पढ़ें : सुधीर का तंज: देहरा के CM बनकर रह गए सुक्खू, धर्मशाला सीयू को 30 करोड़ नहीं दे पाई सरकार

सुबह मिली लाश

सुबह होते ही सर्च अभियान दोबारा शुरू किया गया, जिसमें कई घंटे की तलाश के बाद कुलदीप सिंह का शव रायपुर सहोड़ा क्षेत्र में बरामद हुआ। पुलिस ने शव को बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई हादसे की वजह

मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जहां से कुलदीप सिंह गुजर रहे थे, वहां निर्माणाधीन नाले पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। न तो वहां चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे और न ही नाले पर कोई स्लैब डला हुआ था। बारिश के कारण बहाव तेज था और रोशनी की भी व्यवस्था नहीं थी, जिससे हादसा होना तय था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में नियमित नहीं होंगे अवैध कब्जे, हाईकार्ट ने रद्द की नीति; सरकार पर भी की सख्त टिप्पणी

नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी रोष है। उनका कहना है कि नगर परिषद की लापरवाही के चलते यह जानलेवा हादसा हुआ है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खुले नालों को शीघ्र कवर किया जाए और निर्माण स्थलों पर उचित सुरक्षा उपाय किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की त्रासदी से बचा जा सके।

 

यह भी पढ़ें : अब धराली गांव में फटा बादल: तिनके की तरह बह गए दर्जनों घर, 50 से अधिक लोग लापता; 4 देह मिली

बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें

इन दिनों जिला ऊना में भारी बारिश के चलते नाले और नदियां उफान पर हैं। ऐसे में खुले और अधूरे नालों का होना जान के लिए खतरा बन चुका है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को बारिश से पहले ही इन स्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए थी। इस पूरे मामले पर अभी तक नगर परिषद की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख