#हादसा
July 31, 2025
हिमाचल: दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, बिस्तर पर सोये शख्स की ऐसे गई जा*न
मां और भाई का पहले ही हो चुका है निधन, पत्नी पर आई दो मासूमों की जिम्मेदारी
शेयर करें:

लंबागांव (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में बरसात का मौसम शुरू होते ही कई तरह की बीमारियों के अलावा सर्पदंश के मामलों में भी बढ़ोतरी हो जाती है। प्रदेश में पिछले एक माह के भीतर ही कई लोगों की सर्पदंश से मौत हो चुकी है। ऐसा ही एक मामला अब कांगड़ा जिला के पुलिस थाना लंबागांव से सामने आया है। यहां एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब एक 40 साल के शख्स को सांप ने काट लिया।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला कांगड़ा जिला के पुलिस थाना लंबागांव के तहत आती कोटलू पंचायत की है। यहां एक व्यक्ति को रात को घर में ही सांप ने काट लिया। जिससे व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति की मौत के बाद उसके दो मासूम बेटों के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया है। पत्नी पर अब अपने दो मासूम बच्चों की जिम्मेदारी आ गई है।
यह भी पढ़ें : BREAKING NEWS : हिमाचल का लेफ्टिनेंट कर्नल गलवान में शहीद- सेना के काफिले पर हुआ था भूस्खलन
सर्पदंश से जान गंवाने वाले शख्स की पहचान 40 वर्षीय शशि कुमार पुत्र लुडन राम गांव भटवारा कोटलू जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शशि कुमार बीती रात को घर पर ही मौजूद था। परिवार के साथ खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। इसी बीच आधी रात को उसे सांप ने काट लिया। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।
परिवार को जैसे ही सांप के काटने का पता चला तो वह रात को ही शशि कुमार को जयसिंहपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया। लेकिन जब शशि कुमार को परिवार टांडा ले जा रहे थे, तभी उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। व्यक्ति की मौत से जहां पूरा परिवार स्तब्ध है, वहीं गांव में भी मातम पसर गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : चिट्टा सप्लाई करने निकले थे तीन यार, ग्राहक तक पहुंचने से पहले हो गया पुलिस से सामना
शशि कुमार घर का इकलौता कमाने वाला था। उसके छोटे भाई की करीब 12 साल पहले ही मौत हो चुकी थी। जबकि कुछ ही समय पहले उसकी मां का भी निधन हो गया था। परिवार में अब उसके पिता के अलावा पत्नी और दो मासूम बच्चे रह गए हैं। शशि कुमार की मौत से उसकी पत्नी पर बुजुर्ग ससुर के अलावा दो मासूम बच्चों की भी जिम्मेदारी आ गई है।