#हादसा

January 13, 2026

हिमाचल: लोहड़ी के दिन उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार, ट्रैक्टर से गिरे शख्स की थमी सांसें

ट्रैक्टर चालक की गलती से गिरा व्यक्ति, त्योहार के दिन घर में पसरा मातम

शेयर करें:

solan lohri day accident

सोलन। हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर आए दिन लोग अपनी जिंदगी गंवा रहे हैं। ऐसा ही एक हादसा हिमाचल के सोलन जिला में हुआ है। यहां जिस दिन घर में लोहड़ी की आग जलनी थी, उसी दिन एक घर में मातम पसर गया। घर से काम पर निकला व्यक्ति वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। यह हादसा सोलन जिला के पुलिस थाना कुनिहार क्षेत्र में हुआ है। यहां ट्रैक्टर से गिरने के चलते एक व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति की मौत से उसके घर में लोहड़ी के त्योहार की तैयारी कर रहे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

 ट्रैक्टर से गिरकर व्यक्ति की मौत

दरअसल सोमवार देर रात कुनिहार क्षेत्र में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही एक गरीब परिवार के लिए काल बन गई। ट्रैक्टर से गिरकर मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे बचाने की कोशिश में एक अन्य मजदूर घायल हो गया। मृतक की पहचान राजू, निवासी नरैनी जिला बदायूं उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। राजू वर्तमान में कुनिहार के गांव हाटकोट में किराये के मकान में रहकर मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पाल रहा था। लोहड़ी के दिन पत्नी और परिवार ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि काम पर गया राजू अब कभी लौटकर नहीं आएगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : अब ना उम्र- ना पक्के मकान की बाधा, BPL में शामिल होने का दूसरा मौका; 25 तक करें आवेदन

मजदूरी कर घर लौट रहा था शख्स

परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार 12 जनवरी को राजू अन्य मजदूरों और ट्रैक्टर चालक पवन कुमार के साथ सायरी बालाघाटी क्षेत्र में काम करने गया था। रात करीब 9:30 बजे, जब सभी मजदूर काम खत्म कर ट्रैक्टर (HP-11D-9491) में सवार होकर वापस लौट रहे थे, तभी शारडाघाट से आगे पेट्रोल पंप के समीप चालक ने अचानक तेज ब्रेक लगा दी।

यह भी पढ़ें : 11 पुलिस कर्मियों पर सुक्खू सरकार का "डबल अ.टैक" पहले वर्दी छीनी... अब काली कमाई पर चलेगा बुलडोजर

अचानक ब्रेक लगाने से नीचे गिरा

अचानक ब्रेक लगने से ट्रैक्टर पर बैठे राजू का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर जा गिरा। राजू को गिरते देख उसका साथी मजदूर ओंकार उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन वह भी ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़ा। इस दर्दनाक हादसे में राजू के सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को आनन-फानन में सिविल अस्पताल कुनिहार पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने राजू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल ओंकार का अस्पताल में इलाज जारी है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल दिवस से पहले सीएम सुक्खू ने बुला ली कैबिनेट बैठक, इन बड़े फैसलों पर लगेगी मुहर

जिस घर में लोहड़ी के लिए तैयारियां होनी थीं, वहां अब सिसकियां और आंसू हैं। पत्नी मीना का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लिए राजू ही एकमात्र कमाने वाला था। अब उसके जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

कुनिहार पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा  281, 125(ए) और 106(1) के तहत केस दर्ज कर लिया है। डीएसपी सोलन अशोक चौहान ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख