#हादसा
June 6, 2026
हिमाचल में बड़ा हा.द.सा, कार की टक्कर से बाइक के उड़े परखच्चे, बुझ गया एक घर का चिराग
युवक की मौके पर थमी सांसें, कार का फट गया टायर
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश की सड़कों पर रोजाना हो रहे हादसे कई परिवारों की खुशियां छीन रहे हैं और कई घरों के चिराग हमेशा के लिए बुझा रहे हैं। ताजा मामला ऊना जिला के अंब उपमंडल से सामने आया है, जहां कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई भीषण टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार का अगला टायर भी फट गया।
जानकारी के अनुसार यह हादसा शनिवार को अंब उपमंडल के कलरूही क्षेत्र में हुआ। राजपुरा जंसवा निवासी दिनेश कुमार अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मुबारिकपुर से अंब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक ऑल्टो कार से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : डॉक्टरी छोड़ चुनावी मैदान में कूदा ये शख्स, हासिल की बड़ी जीत; अब पंचायत का करेंगे ट्रीटमेंट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। वहीं कार का अगला टायर भी फट गया और वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचा। टक्कर के बाद सड़क पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
गंभीर रूप से घायल दिनेश कुमार को तत्काल सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू कैबिनेट: हिमकेयर में 10 लाख तक का मिलेगा इलाज, भांग की खेती पर भी लिया ऐतिहासिक निर्णय
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कैबिनेट: अवैध कब्जों को नियमित करने की मंजूरी, डेढ़ हजार से अधिक पदों पर भर्ती
जांच के दौरान पुलिस इस पहलू को भी खंगाल रही है कि कार का टायर टक्कर से पहले फटा था या फिर दुर्घटना के बाद टायर क्षतिग्रस्त हुआ। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
प्रदेश में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं में युवा अपनी जान गंवा रहे हैं और कई परिवार अपूरणीय क्षति झेल रहे हैं। ऐसे में सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी और यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी हो गया है।