#हादसा
July 25, 2025
हिमाचल: पति के बाद जवान बेटे ने छोड़ी दुनिया, मां की थी आखिरी उम्मीद; टूटा दुखों का पहाड़
घर में दिव्यांग बेटे की बुढ़ी के कंधों पर आई जिम्मेदारी
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल के ऊना जिला में एक ऐसा दिल को दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। वहीं इस मामले ने एक मां की दुनिया ही उजाड़ दी है। दरअसल ऊना जिला के अंब में एक युवक की बीती रात को मौत हो गई। युवक की उम्र मात्र 25 साल थी। युवक के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। अब उनके घर में मृतक युवक की मां और एक दिव्यांग भाई बचा है। जिसकी जिम्मेदारी भी अब मां के कंधों पर आ गई है।
बता दें कि उपमंडल अंब के गांव लंडेर टिक्करी में वीरवार रात 25 साल के युवक की सर्पदंश से मौत हो गई। मृतक 25 वर्षीय अजय कुमार अपने परिवार की आखिरी उम्मीद था। पहले ही पति को खो चुकी अजय की मां अब बेटे की मौत के बाद गहरे सदमे में है। घर में अब केवल एक दिव्यांग बेटा और उसकी वृद्ध मां ही बचे हैं, जिनका सहारा छिन गया है।
यह भी पढ़ें: जयराम के क्षेत्र में सुक्खू के मंत्री का काले झंडों से हुआ स्वागत, गो बैक के लगे नारे; जानें वजह
जानकारी के अनुसार, वीरवार रात अजय अपने घर के कमरे में सोया हुआ था। उसी दौरान उसे जहरीले सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार वालों ने तुरंत उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था, अजय ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
अजय एक बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखता था और मजदूरी करके घर का गुजारा करता था। उसके कंधों पर घर चलाने की जिम्मेदारी थी, क्योंकि उसका एक छोटा भाई जन्म से ही दिव्यांग है। अब जब अजय भी चला गया, तो पूरे परिवार का भार उस मां के कंधों पर आ गया है, जिसने पहले पति को खोया और अब जवान बेटे को।
यह भी पढ़ें : हिमकेयर योजना का लाभ ले रहे सरकारी कर्मियों पेंशनरों पर गिरेगी गाज, सुक्खू सरकार ने दिए निर्देश
पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि परिवार की स्थिति अत्यंत दयनीय है। अजय की मां अब खुद वृद्धावस्था की दहलीज पर हैं और उसके दिव्यांग बेटे के लिए यही एकमात्र सहारा थीं। अब यह जिम्मेदारी भी उनके बूढ़े कंधों पर आ गई है। गांव में हर किसी की आंखें नम हैं और हर कोई यही सवाल कर रहा है अब इस मां और बेटे का क्या होगा।
यह भी पढ़ें : पंजाब की महिला ने हिमाचल में बिछाया था नशे का जाल, दो युवकों सहित हुई अरेस्ट
थाना प्रभारी अनिल उपाध्याय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। बता दें कि उपमंडल अंब में जुलाई महीने में सर्पदंश के कारण अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें एक चार वर्षीय मासूम बच्चा भी शामिल है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन से सर्पदंश की रोकथाम के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं।