#हादसा

July 1, 2026

हिमाचल: नदी में नहाने उतरा 21 साल का युवक डूबा, पंजाब से दोस्तों के साथ आया था घूमने

परिवार ने खो दिया जवान बेटा, साथी की देह लेकर लौटे दोस्त

शेयर करें:

himachal kulu news

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में प्रशासन और पुलिस द्वारा लगातार जारी की जा रही चेतावनियों के बावजूद पर्यटकों के नदी-नालों में उतरने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। खासकर बाहरी राज्यों से आने वाले कई पर्यटक यहां की नदियों और नालों की गहराई, तेज बहाव और भौगोलिक परिस्थितियों से अनजान होते हैं, जिसके चलते कई बार उन्हें अपनी जान तक गंवानी पड़ जाती है।

 

ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसोल से सामने आया है। यहां दोस्तों के साथ घूमने आया पंजाब का 21 वर्षीय युवक नहाने के दौरान पानी में डूब गया और उसकी मौत हो गई। हंसी-खुशी हिमाचल की वादियों का आनंद लेने निकले युवक की मौत की खबर ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस बेटे के लौटने का इंतजार घर पर हो रहा था, वह अब कभी वापस नहीं आएगा।

दोस्तों के साथ घूमने आया था हिमाचल

जानकारी के अनुसार पंजाब के कपूरथला जिले का रहने वाला 21 वर्षीय अंशतेज अपने दोस्तों के साथ कुल्लू जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों कसोल और मणिकर्ण घूमने आया हुआ था। यात्रा के दौरान सभी युवक पार्वती घाटी के जैनाला क्षेत्र में पहुंचे। बताया जा रहा है कि गर्म मौसम के बीच कुछ युवक नाले में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान अंशतेज गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया। देखते ही देखते वह पानी में डूबने लगा और उसके साथी उसे बचाने में असफल रहे।

 

यह भी पढ़ें : अटल टनल से निकली कार हवा में उछली: पुल के सरियों पर अटकी, एक पर्यटक की मौ*त-3 दोस्त घायल

मदद के लिए दौड़े साथी, लेकिन नहीं बच सकी जान

घटना के बाद युवक के दोस्तों ने आसपास मदद की तलाश की और पास स्थित एक बिजली परियोजना के पावर हाउस तक पहुंचे। वहां मौजूद कर्मचारी मौके पर पहुंचा और काफी प्रयासों के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और युवक को उपचार के लिए जरी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। युवक के परिजन पंजाब से कुल्लू पहुंचे, जहां कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। बाद में युवक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। 21 वर्षीय बेटे की असमय मौत से परिवार में शोक का माहौल है।

 

यह भी पढ़ें : अतिक्रमण विवादों के बीच शमशेर नैहरिया बने धर्मशाला MC के मेयर, प्रेरणा बनी डिप्टी मेयर

बार-बार चेतावनी के बावजूद नहीं मान रहे पर्यटक

हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान नदियों, खड्डों और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है। प्रशासन लगातार पर्यटकों को नदी-नालों से दूर रहने और जोखिम न लेने की सलाह देता है, लेकिन इसके बावजूद कई लोग सेल्फी लेने, वीडियो बनाने या नहाने के लिए पानी में उतर जाते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों की नदियां और नाले बाहर से शांत दिखाई देते हैं, लेकिन इनमें गहराई और बहाव का अंदाजा लगाना बेहद मुश्किल होता है। यही लापरवाही कई बार जानलेवा साबित हो जाती है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल हाईकोर्ट ने समझा पौंग विस्थापितों का दर्द, जमीन आबंटन पर श्रीगंगानगर के जिला कलेक्टर तलब

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर यह डूबने का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन ने एक बार फिर पर्यटकों से अपील की है कि वे नदी-नालों और जल स्रोतों के पास विशेष सावधानी बरतें तथा चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: डिलीवरी के बाद मां की मौ*त पर बवाल, अस्पताल में उग्र भीड़ ने किया प्रदर्शन; मांगी निष्पक्ष जांच

पर्यटन के साथ जरूरी है सतर्कता

कुल्लू-मनाली और पार्वती घाटी हर साल लाखों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है, लेकिन प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते समय सुरक्षा नियमों की अनदेखी भारी पड़ सकती है। जैनाला में हुआ यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि कुछ पल की लापरवाही किसी परिवार की जिंदगीभर की पीड़ा बन सकती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख