#हादसा
June 9, 2026
हिमाचल : लिफ्ट की चपेट में आए युवक की थमी सांसें; मां-बाप के बाद अब दो मासूमों ने खोया बड़ा भाई
लिफ्ट हा.दसे में गंवाई युवक ने जा.न
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। पांवटा साहिब औद्योगिक क्षेत्र के क्यारदा-सूरजपुर स्थित एक निजी औद्योगिक इकाई में कार्यरत 19 वर्षीय युवक की लिफ्ट से जुड़े हादसे में मौत हो गई।
इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जबकि परिजनों और ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अस्पताल में विरोध प्रदर्शन किया।
मृतक की पहचान अमन पुत्र सुल्तान सिंह निवासी गांव क्यारदा, पांवटा साहिब के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमन संबंधित कंपनी में कार्यरत था और सोमवार शाम अपनी नियमित ड्यूटी के दौरान माल की लोडिंग और अन्य कार्यों में व्यस्त था।
इसी दौरान कंपनी परिसर में स्थापित लिफ्ट के आसपास काम करते समय वह हादसे का शिकार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काम के दौरान अमन अचानक लिफ्ट की चपेट में आ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें पहुंचीं।
हादसे के बाद कंपनी कर्मियों और अन्य कर्मचारियों ने उसे तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। घटना से गुस्साए लोगों ने कंपनी प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और कर्मचारियों की सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप लगाए। परिजनों का कहना था कि यदि कार्यस्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होती तो इस तरह की घटना को टाला जा सकता था।
अस्पताल परिसर में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कंपनी के मानव संसाधन अधिकारी और अन्य प्रशासनिक प्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को आर्थिक तथा अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। लिखित आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन कर रहे लोग शांत हुए।
इस दुखद घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि अमन के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में अमन के दो छोटे भाई हैं। माता-पिता के निधन के बाद अमन ही उनकी जिम्मेदारी उठा रहा था।
अमन की मौत के बाद उसके दोनों छोटे भाई अकेले हो गए हैं। अब उन्हें जीवन में कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। ग्रामीणों को दोनों लड़कों के गुजर-बसर की चिंता सता रही है।
उधर, पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों, सुरक्षा प्रबंधों और कंपनी की कार्यप्रणाली से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह हादसा औद्योगिक इकाइयों में कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।