#यूटिलिटी
June 9, 2025
सुक्खू सरकार ने दी जनता को राहत, बस के लिए नहीं करना पड़ेगा इंतजार- जानें क्या है नया प्लान
दूरदराज के इलाकों में अब टेंपो ट्रैवलर चलेंगी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रदेश के उन ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के लिए एक नई पहल की है, जहां आज तक परिवहन की सुविधाएं सीमित थीं या पूरी तरह नदारद थीं। खासतौर पर जहां सड़कें तंग हैं और बड़ी बसों का संचालन संभव नहीं है, वहां अब टेंपो ट्रैवलर के माध्यम से लोगों को आने-जाने की सुविधा मिलेगी। इस योजना के अंतर्गत सरकार ने 350 रूटों पर 18-सीटर टेंपो ट्रैवलर चलाने का निर्णय लिया है।
इस योजना से न केवल स्थानीय जनता को सुविधा मिलेगी, बल्कि बेरोजगार युवाओं के लिए भी स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे। इच्छुक युवा इन रूटों के लिए 30 जून 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में तप रहे पहाड़, लू चलने की चेतावनी जारी- जानिए कब मिलेगी गर्मी से राहत
आवेदनों की संख्या अधिक होने पर रूटों का आवंटन लॉटरी सिस्टम के माध्यम से किया जाएगा। इस योजना का लाभ केवल बोनाफाइड हिमाचली युवाओं को मिलेगा, ताकि राज्य के स्थायी निवासियों को प्राथमिकता मिल सके। सभी इच्छुक उम्मीदवारों को ट्रैवलर चलाने के लिए नियमानुसार परमिट जारी किया जाएगा।
सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार विभिन्न आरटीओ कार्यालयों के अंतर्गत टेंपो ट्रैवलर के लिए रूट इस प्रकार तय किए गए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: एक ही दिन ये दो बड़ी परीक्षाएं, उलझन में पड़े छात्र- कौनसी परीक्षा दें, कौनसी नहीं
इस योजना को लेकर निजी बस ऑपरेटर यूनियन ने विरोध दर्ज किया है, हालांकि स्पष्ट कर दिया गया है कि ये रूट भी निजी ऑपरेटरों को ही आवंटित किए जाएंगे, जिससे प्रतिस्पर्धा की भावना बनी रहे। बहरहाल, इस योजना से आने वाले समय में हिमाचल के दूरदराज गांवों में परिवहन की तस्वीर पूरी तरह से बदल सकती है। यह पहल न केवल ग्रामीण विकास में सहायक होगी, बल्कि युवाओं के लिए आय का साधन भी बनेगी।