#यूटिलिटी

July 25, 2026

पूर्व PM पर टिप्पणी मामला: हिमाचल सीमा पर बवाल, ब्लॉगर की गिरफ्तारी पर भड़के निहंग; किया प्रदर्शन

निहगों ने गरामोड़ा टोल पर किया प्रदर्शन, शिमला कूच करने की दी चेतावनी

शेयर करें:

बिलासपुर। राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की प्रतिमा के सामने पंजाबी ब्लॉगर नवदीप सिंह द्वारा की गई विवादित टिप्पणी और उसके बाद हिमाचल पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी का मामला अब एक बेहद संवेदनशील और गंभीर रूप लेता नजर आ रहा है। ब्लॉगर की गिरफ्तारी के विरोध में पंजाब के निहंग सिख और विभिन्न सिख जत्थेबंदियां उग्र हो गई हैं।

 

आक्रोशित निहंगों ने हिमाचल-पंजाब सीमा पर बिलासपुर के पास गरामोड़ा टोल प्लाजा को घेरकर जोरदार प्रदर्शन किया और चक्का जाम कर दिया। इस दौरान उग्र प्रदर्शनकारियों ने हिमाचल सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा चेतावनी दी कि यदि गिरफ्तार किए गए ब्लॉगर को जल्द रिहा नहीं किया गया तो वे सीधे शिमला कूच करेंगे।

टोल प्लाजा पर धरना, घंटों ठप रहा NH

शनिवार को निहंग सिंह जत्थेबंदियों और शिरोमणि अकाली बुड्ढा दल से जुड़े दर्जनों लोग अचानक कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर एकत्र हुए और गरामोड़ा टोल बैरियर पर धरना दे दिया। अचानक हुए इस चक्का जाम की वजह से फोरलेन पर देखते ही देखते वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। भीषण गर्मी के बीच मंडी के सरकाघाट से चंडीगढ़ जा रहे अंकेश ठाकुर सहित सैकड़ों यात्रियों और विदेशी पर्यटकों को घंटों भूखे-प्यासे गाड़ियों में फंसे रहना पड़ा। वीकेंड और टूरिस्ट सीजन होने के कारण कुल्लू-मनाली और शिमला की ओर जा रहे सैलानियों को इस गतिरोध से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

 

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का एक और बड़ा फैसला: अब 'एक अधिकारी-एक सरकारी गाड़ी'; अन्य वाहन होंगे वापस

निहंग संगठनों ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे निहंग संगठनों के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि हिमाचल पुलिस ने ब्लॉगर के खिलाफ अनुचित कार्रवाई की है। उनका कहना है कि उसे तत्काल रिहा किया जाए और उसके खिलाफ दर्ज सभी मामले वापस लिए जाएं। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे आने वाले दिनों में शिमला की ओर कूच करेंगे और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में दरका पहाड़, नीचे काम कर रहे थे 25 कर्मचारी; मलबे-पत्थरों की चपेट में आए 3 कर्मी

शिमला में रिज मैदान पर बनाया था विवादित वीडियो

मामले की जड़ शिमला के रिज मैदान पर बनी पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की मूर्ति से जुड़ी है। आरोपी ब्लॉगर नवदीप सिंह ने रिज मैदान पर एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने पूर्व प्रधानमंत्री को लेकर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। वीडियो वायरल होने के बाद हिमाचल पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए केस दर्ज किया था और 15 जुलाई को आरोपी ब्लॉगर को गिरफ्तार कर लिया था। इसी गिरफ्तारी को निहंग संगठनों ने गलत और उत्पीड़न की कार्रवाई करार दिया है।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने भांग इंडस्ट्री के लिए जारी किए नियम, कैसे मिलेगा लाइसेंस ; कितनी लगेगी फीस- जानें

हिमाचल-पंजाब पुलिस ने संभाला मोर्चा

गरामोड़ा टोल पर स्थिति तनावपूर्ण होते ही बिलासपुर प्रशासन, हिमाचल पुलिस और पंजाब पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिषेक धीमान के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने प्रदर्शनकारियों के साथ मैराथन वार्ता की। पुलिस अधिकारियों की सूझबूझ और लंबी बातचीत के बाद निहंग प्रदर्शनकारी टोल बैरियर की एक लेन को यातायात के लिए खोलने पर सहमत हुए। एक लेन से गाड़ियों की आवाजाही शुरू होने के बाद फंसे यात्रियों ने कुछ राहत की सांस ली।

यह भी पढ़ें : बैक हो रही HRTC बस ने कुचली महिला, मौके पर मौजूद लोगों ने बताया ऐसा सच! जानें

मांगें न मानने पर 'शिमला कूच' की दो टूक चेतावनी

प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे प्रतिनिधियों ने राज्य सरकार और हिमाचल पुलिस को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि नवदीप सिंह ने कोई कानून नहीं तोड़ा है। उन्होंने मांग की कि ब्लॉगर पर दर्ज केस तुरंत रद्द कर उसे बिना शर्त रिहा किया जाए। यदि सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा और भारी संख्या में निहंग सिख शिमला की तरफ मार्च करेंगे। फिलहाल स्थिति पर नजर रखने के लिए सीमावर्ती इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और पल-पल की गतिविधि पर पुलिस पैनी नजर बनाए हुए है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख