#यूटिलिटी

March 10, 2026

हिमाचल में छह दिन बिगड़ेगा मौसम: बारिश - बर्फबारी और तेज अंधड़ का जारी हुआ अलर्ट

आज ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी, आने वाले दिनों में गर्मी से मिलेगा राहत

शेयर करें:

Himachal weather Alert

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही असामान्य गर्मी के बीच मौसम को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम करवट लेने वाला है। कई इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इतना ही नहीं प्रदेश में तेज अंधड़ और ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया गया है। जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

आज यहां यहां हुई बर्फबारी

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में अगले कई दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। खासकर इसका असर छह दिन तक दिखेगा। इस दौरान पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी के दौर देखने को मिल सकते हैं। आज मंगलवार को भी कुल्लू और लाहौल.स्पीति के आसमान में बादल छाए रहे और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। आज रोहतांग दर्रा, शिंकुला व बारालाचा सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई है। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की बंद RDG केंद्र से बहाल करवाएंगे नए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, सुक्खू सरकार में जगी उम्मीद

छह दिन बिगड़ेगा मौसम, चलेगा अंधड़

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में हिमाचल प्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल सकता है। 10 और 13 मार्च को ऊंचाई वाले पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी होने के आसार जताए गए हैं। इसके बाद 11, 12, 14 और 16 मार्च को उच्च पर्वतीय और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा बर्फबारी हो सकती है, जबकि निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में हल्की वर्षा होने की संभावना है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल का 26 वर्षीय जवान शहीद- J&K में ट्रेनिंग के दौरान तोड़ा दम, कल घर पहुंचेगी पार्थिव देह

 

वहीं 15 मार्च को भी ऊंचे और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी का दौर जारी रहने के संकेत दिए गए हैं और निचले इलाकों में भी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के कुछ हिस्सों में 11ए, 12 और 14 मार्च को तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने के साथ कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

तापमान में आएगी गिरावट

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले दो-तीन दिनों में धीरे-धीरे गिरावट शुरू हो सकती है। अधिकतम तापमान में 3 से 6 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक कमी आने की संभावना है। इससे प्रदेश में एक बार फिर ठंड का अहसास हो सकता है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सुबह-सवेरे ITI छात्र पर झपटा तेंदुआ, बहादुरी से बचाया खुद को- मार गिराया शिकारी

किसान-बागवानों को भी राहत की उम्मीद

मौसम में संभावित बदलाव से किसानों और बागवानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे कई इलाकों में यदि अच्छी बारिश होती है तो फसलों और बागवानी के लिए यह फायदेमंद साबित हो सकता है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ का आनंद

मौसम बदलते ही रोहतांग दर्रे और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी देखने को मिली। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल और सिस्सू क्षेत्र में पहुंचे पर्यटकों ने बर्फबारी के बीच जमकर मस्ती की और इस बदलते मौसम का आनंद लिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल की राजनीति में आएगा बड़ा भूचाल! कांग्रेस-भाजपा के 40 दिग्गजों ने की गुप्त बैठक, जानें कारण

हिमस्खलन को लेकर भी चेतावनी

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण हिमस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है। इसको देखते हुए प्रशासन और हिमाचल प्रदेश पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। लोगों से संवेदनशील पहाड़ी ढलानों और जोखिम वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।

गर्मी से राहत, फिर लौट सकती है ठंड

कुल मिलाकर मौसम के इस बदलाव से हिमाचल में पड़ रही तेज गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आएगी और प्रदेश के कई इलाकों में एक बार फिर ठंड का एहसास हो सकता है।

 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख