शिमला। हिमाचल में बारिश बर्फबारी के बाद अब गर्मी अपना प्रचंड रूप् दिखाने लगी है। मई माह के दूसरे सप्ताह में गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। आलम यह है कि हिमाचल के ऊना जिला में पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया है। प्रदेश में बढ़ती गर्मी के बीच अब एक राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग की मानें तो कल यानी 17 मई से प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट बदलने वाला है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
17 मई से करवट बदलेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल में 17 मई से मौसम करवट लेगा। आने वाले दो दिन हिमाचल में तेज आंधी चलेगी। विभाग ने इसके लिए अगले दो दिन का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो कल से प्रदेश के आठ जिलों में बारिश के साथ अंधड़ चलेगा। जिससे झुलसाती गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
प्रदेश के आठ जिलों में राहत बन बरसेगी बारिश
प्रदेश के आठ जिलों किन्नौर, लाहौल.स्पीति, शिमला, सोलन,सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कई क्षेत्रों में शुक्रवार से बारिश और अंधड़ के आसार हैं। विभाग ने 18 और 19 मई के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। इन क्षेत्रों में 21 मई तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। चार मैदानी जिलों ऊनाए बिलासपुरए हमीरपुर और कांगड़ा में 21 मई तक मौसम साफ रहने की संभावना है।
15 मई महीने का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड
शिमला के मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि बीते कुछ दिनों में देश भर में मौसम साफ बना रहा है। ऐसे में इसका असर तापमान पर भी देखने को मिला है। संदीप शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में बीते कल 15 मई को महीने का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: गुस्साए पति ने तीसरी पत्नी पर चला दी कुल्हाड़ी, काम पर गए थे दोनों
उन्होंने कहा कि इस दौरान प्रदेश में सबसे अधिक तापमान हमीरपुर के नेरी में रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि हिमाचल प्रदेश में जल्द ही पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और हल्की बारिश भी प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में हो सकती है।