शिमला। हिमाचल में मानसून के दस्तक देने के बाद से ही प्रदेश भर में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। मानसून का आगाज तबाही के साथ हुआ है। मानसून के आते ही प्रदेश के कई हिस्सों में भूस्खलन और बादल फटने की घटनाएं सामने आने लगी है। इस सब के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले छह दिन तक प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने इन छह दिनों में से तीन दिन ऑरेंज अलर्ट और तीन दिन येलो अलर्ट जारी किया है।
अगले तीन दिन बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल में कल यानी 30 जून से लेकर दो जुलाई तक प्रदेश भर में भारी बारिश होगी। विभाग ने इन तीन दिनों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि पांच जुलाई तक प्रदेश भर में बारिश का येलो अलर्ट जारी रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो अगले 72 घंटों में प्रदेश में भारी बारिश होगी।
यह भी पढ़ें: सोलन मामले में खुलासा: 22 साल का प्रेमी निकला आरोपी, 4 बच्चों की मां थी सुमन
आठ जिलों में जमकर बरसेंगे मेघ
हिमाचल के बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन में कुछ स्थानों पर बिजली गरजने के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर बहुत ज्यादा भारी बारिश की भी संभावना है।
यह भी पढ़ें: ब्रेकिंग: हमीरपुर और नादौन में इनकम टैक्स की बड़ी रेड- CRPF तैनात
विभाग ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है और स्थानीय लोगों के अलावा पर्यटकों से ऊंचाई वाले स्थानों, नदी नालों की तरफ ना जाने की अपील की गई है।
शिमला में भूस्खलन के बाद खाली करवाया भवन
प्रदेश में 24 जून से बारिश का दौर शुरू हो गया है। राजधानी शिमला में भी बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते शिमला शहर के चलौंठी में भारी भूस्खलन हुआ है, जिससे एक भवन को खतरा पैदा हो गया है।
भूस्खलन से इस भवन में दरारें आ गई हैं। एहतियात के रूप में नगर निगम ने इस भवन को खाली करवा दिया है। इस भवन में मालिक और 7 किराएदार रहते थे।
किसानों बागवानों के चेहरे खिले
प्रदेश में हो रही भारी बारिश से जहां किसानों बागवानों के चेहरों पर रौनक आ गई है, वहीं कई लोगों को रह रह कर बीते साल की जल प्रलय याद आ रही है। पिछले साल आई जल प्रलय में सैंकड़ों घर जमींदोज हो गए थे, और कई लोगों की मौत हुई थी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में दिन दहाड़े युवक का अपहरण, 4 लाख मांगी फिरौती
इस बार भी मानसून की दस्तक तबाही के साथ हुई है। मानसून के आगाज ने ही प्रदेश में तबाही शुरू कर दी है, तो इसके अंत तक प्रदेश को कितना नुकसान होगा, इसका अंदाजा लगा पाना मुश्किल है।