#यूटिलिटी

September 21, 2024

हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम, 10 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, जानें डिटेल

शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में धीमा पड़ा मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने वाला है। अपने आखिरी पड़ाव से गुजर रहा मानूसन जाते जाते भी लोगों को परेशान करेगा। इस दौरान जहां भारी बारिश होगी, वहीं गर्जन के साथ बिजली भी चमकेगी। मौसम विभागों प्रदेश में दो दिन के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश के 10 जिला में भारी बारिश के आसार बताए हैं।

हिमाचल में करवट बदलेगा मानसून

हिमाचल में अब मानसून की विदाई का समय आ गया है, लेकिन कई दफा मानसून अपनी विदाई के समय भी भारी बारिश दे जाता है। ऐसा ही कुछ इस बार भी लग रहा है। पूरे प्रदेश में पिछले दो दिन से मौसम साफ बना हुआ है। प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में बारिश नहीं हुई है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश में आज भी मौसम साफ बना हुआ है, लेकिन अब आने वाले दिनों में मानसून करवट बदलने वाला है।

इस दिन प्रदेश के 10 जिला में भारी बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग की मानें तो अगले चार दिन तक प्रदेश भर में मौसम साफ रहने के आसार हैं। उसके बाद एक बार फिर मानसून सक्रिय होगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 25 सितंबर को मैदानी और मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश होने की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के दो जिला लाहौल स्पीति और किन्नौर को छोड़कर शेष 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।

दो दिन होगी हल्की बारिश

हालांकि उसके बाद 26 और 27 सितंबर को विभाग ने किसी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन इस दौरान भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस समय हिमाचल में मानसून की विदाई का समय चल रहा है। अक्टूबर के पहले सप्ताह में मानसून के प्रदेश से विदा होने के आसार हैं।
पहाड़ों पर बर्फबारी ने बढ़ाई शीतलहर
हिमाचल के पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी के अलावा रोहतांग लाहुल स्पीति के ऊंची चोटियों पर बर्फबारी से प्रदेश में शीतलहर बढ़ने लगी है। हिमाचल के पर्यटन क्षेत्रों में ठंड का एहसास होने लगा है। जिससे लोगों सहित बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटक अपने साथ गर्म कपड़े ला रहे हैं। प्रदेश में आने वाले दिनों में ठंड और भी बढ़ती जाएगी।

क्या कहते हैं मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉक्टर कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि हिमाचल में अब मानसून कमजोर पड़ गया है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश भर में कहीं भी बारिश नहीं हुई है। यही हाल आगामी तीन से चार दिनों में भी रहने वाला है। हालांकि उसके बाद मौसम करवट ले सकता है। 24 अगस्त की रात से प्रदेश में फिर मानसून सक्रिय होगा और प्रदेश भर में बारिश देखने को मिल सकती है। 25 सितंबर को मैदानी व मध्यपर्वतीय इलाकों में आकाशीय बिजली और बादलों के गरजने की आशंका है।

इस मानसून सीजन 36 लोगों की मौत

हिमाचल में इस मानसून सीजन में भी भारी तबाही हुई है। इस मानसून सीजन में प्रदेश के कई हिस्सों में बादल फटने, बाढ़ और भूस्खलन की 97 घटनाएं हुईं। इनमें 36 लोगों की मौत हुई और 33 लापता हैं। इन घटनाओं में 122 घर, 17 दुकानें और 24 पशुशालाएं क्षतिग्रस्त हुईं। 31 जुलाई की मध्यरात्रि शिमला, मंडी और कुल्लू जिलों में बादल फटने से जान.माल का भारी नुकसान हुआ था।

हिमाचल को 1331 करोड़ का नुकसान

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार इस मानसून सीजन में हिमाचल को 1331 करोड़ की चल.अचल संपति का नुकसान हुआ है। लोकनिर्माण विभाग को सबसे ज्यादा 633 करोड़ और जलशक्ति विभाग को 513 करोड़ का नुकसान पहुंचा है।
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख