#यूटिलिटी

March 24, 2026

हिमाचल में 26 मार्च से फिर बरसेंगे बादल, तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी

मौसम ने ली करवट, बर्फबारी-बारिश से बढ़ी ठंड

शेयर करें:

Weather Update

शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शिमला समेत कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि ने ठंड को बढ़ा दिया है। खासकर राजधानी शिमला में गिरे ओलों और तेज बारिश ने लोगों को हैरान कर दिया, जिससे कुछ ही घंटों में मौसम पूरी तरह ठंडा हो गया और लोगों को फिर से सर्दी का एहसास होने लगा। आगामी दिनों के लिए मौसम विभाग ने तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है।  

मौसम ने ली करवट, बर्फबारी-बारिश से बढ़ी ठंड

प्रदेश में बीते तीन दिन तक मौसम साफ रहने के बाद सोमवार को अचानक मौसम ने फिर करवट बदल ली और पूरे हिमाचल में ठंड ने एक बार फिर वापसी कर ली। रोहतांग दर्रा समेत ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे पहाड़ों का मौसम पूरी तरह सर्द हो गया। वहीं शिमला, मनाली और आसपास के कई क्षेत्रों में बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन ठंड भी बढ़ा दी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को बाइक ने मारी जोरदार टक्कर- थम गई सांसें

कुछ ही घंटों में बदला शिमला का मौसम

सुबह के समय शिमला में मौसम एकदम साफ था और धूप खिली हुई थी, जिससे लोगों को लग रहा था कि मौसम अब स्थिर हो गया है। लेकिन दोपहर होते-होते अचानक आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई। इसके साथ ही जोरदार बिजली की गड़गड़ाहट और ओलावृष्टि ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। कुछ ही देर में तापमान गिर गया और लोगों को फिर से गर्म कपड़े निकालने पड़े।

बारिश-ओले, ठंडी हवाओं से बढ़ी सर्दी

निचले इलाकों में भी मौसम का यही हाल रहा। कई जगह तेज बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे सड़कें भीगी नजर आईं और ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी का एहसास करा दिया। इस अचानक बदलाव से आम जनजीवन पर भी असर पड़ा और लोग एक बार फिर ठंड से बचने के उपाय करते नजर आए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों को जोड़कर तोड़ा ड्रग्स नेटवर्क, हरियाणा से दबोचा मेन सप्लायर

तापमान में गिरावट, कई जगह दर्ज हुई बारिश

तापमान में भी साफ गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। शिमला में अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि मनाली में यह 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा सुंदरनगर में 12 मिमी, कल्पा में 2.4 मिमी और मनाली में 5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

किसानों-बागवानों को नुकसान का डर

इस दौरान कई जगहों पर ओलावृष्टि और तेज गड़गड़ाहट भी सुनाई दी, जिससे माहौल और भी ठंडा और डरावना सा हो गया। खासकर पहाड़ी इलाकों में अचानक बदले मौसम ने लोगों को चौंका दिया। बारिश और ओलों का सबसे ज्यादा असर किसानों और बागवानों पर पड़ा है। फसलों और फलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है, जिससे उनकी चिंता भी बढ़ गई है। खासकर सेब और अन्य बागवानी फसलों के लिए यह मौसम चिंता का कारण बन सकता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की जनता पर नया बोझ! सरकार ने प्रेट्रोल-डीजल पर लगाया सेस, विरोध के बीच बिल पास

तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी 

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए भी मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 26 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रह सकता ह,  जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।

29 मार्च तक बादल-बारिश जारी

मौसम विभाग के अनुसार 29 मार्च तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश होती रहेगी। ऊंचाई वाले इलाकों में इस दौरान हल्की बर्फबारी भी हो सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : फौजी जवानों के सम्मान में नंगे पांव भारत यात्रा पर निकले नरेंद्र, 120 दिन चलेंगे पैदल

मार्च में बदला मौसम का मिजाज

अगर पिछले दिनों की बात करें तो मार्च के पहले पखवाड़े में लंबे समय तक मौसम सूखा रहा था। इस वजह से लोगों को मई जैसी गर्मी महसूस होने लगी थी और दिन के समय पसीना तक आने लगा था। लेकिन 18 मार्च के बाद मौसम ने करवट ली और अब लगातार हो रही बारिश और ओलावृष्टि ने एक बार फिर ठंड वापस ला दी है।


नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

 

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख