#यूटिलिटी
February 18, 2025
फिर गरमाया संजौली मस्जिद मामला ! 15 दिन का अल्टीमेटम, बड़े आंदोलन की चेतावनी
सिविल सोसाइटी संजौली ने डीसी से मुलाकात कर कोर्ट का फैसला याद दिलाया
शेयर करें:

शिमला। संजौली में मस्जिद की दो अवैध मंजिलों को गिराने के मामले में वक्फ बोर्ड की बहानेबाजी से लोगों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। सिविल सोसाइटी संजौली ने नगर निगम आयुक्त से मुलाकात कर उन्हें कोर्ट के फैसले पर अमल करने और अगले 15 दिन में अवैध निर्माण को गिराने का अल्टीमेटम दिया है। सिविल सोसायटी ने दो-टूक कहा है कि अगर इस अवधि तक अवैध निर्माण नहीं गिराया गया तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
यह भी पढ़ें : संजौली अवैध मस्जिद मामला: वक्फ बोर्ड के झूठ का पर्दाफाश, 136 दिन में नहीं गिरी अवैध इमारत
संजौली सिविल सोसाइटी के सह-संयोजक विजय शर्मा और मीडिया प्रभारी विकास थापटा ने कहा कि चार महीने पहले नगर निगम आयुक्त की अदालत ने फैसला दिया था कि दो अवैध फ्लोर को हटाया जाए। इसके लिए दो महीने का वक्त दिया गया था।
नगर निगम शिमला आयुक्त अदालत ने यह भी कहा था कि अगर मस्जिद कमेटी ख़ुद अवैध निर्माण नहीं हटाती है, तो नगर निगम शिमला से हटाएगा और फिर इसकी वसूली संजौली मस्जिद कमेटी से की जाएगी। विजय शर्मा ने कहा कि अब तक अवैध निर्माण हटाने का काम 15 फीसदी तक भी पूरा नहीं हुआ है। विजय शर्मा ने कहा कि अपने ही फ़ैसले पर नगर निगम शिमला की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द पूरे मामले का निपटारा किया जाए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: डिपोर्ट होकर लौटे रोहित के सिर पर कर्ज का पहाड़,डंकी रूट से कैसे पहुंचाया USA
संजौली सिविल सोसायटी के सह संयोजक विजय शर्मा ने कहा कि अगर नगर निगम शिमला 15 दिनों के भीतर इस पूरे मामले पर कार्रवाई नहीं करता है, तो आने वाले वक़्त में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले संजौली सिविल सोसाइटी संजौली में बाजार को बंद करेगी। अगर तब भी मांग नहीं मानी गई, तो बड़े आंदोलन का रुख अख्तियार किया जाएगा। विजय शर्मा ने कहा कि जब मस्जिद मामले ने तूल पकड़ा था, तब वेंडर पॉलिसी की बात भी कही की जा रही थी। आज तक इस बारे में भी कोई पुख्ता कदम नहीं उठाए गए हैं।