#यूटिलिटी
March 22, 2026
हिमाचल में राहत के बाद फिर आफत, अगले 4 दिन होगी झमाझम बारिश- गिरेगी बर्फ!
हिमाचल में कड़ाके की ठंड, अभी फिर बिगड़ने वाला है मौसम
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी के बाद शनिवार को मौसम ने राहत दी। राज्य के ज्यादातर इलाकों में आसमान साफ रहा और अच्छी धूप खिली, जिससे लोगों ने सुकून महसूस किया। राजधानी शिमला और आसपास के क्षेत्रों में दिन के समय हल्की गर्माहट भी देखने को मिली। हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह राहत ज्यादा दिन नहीं टिकेगी और आज से अगले चार दिनों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में फिर से हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार, 22, 24 और 27 मार्च को हिमाचल के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा, 26 मार्च को उत्तर-पश्चिमी भारत में एक कमजोर विक्षोभ आएगा, जिससे 23 और 26 मार्च को राज्य के कुछ इलाकों में बारिश या बर्फबारी की संभावना है। 25 मार्च को प्रदेश में मौसम ज्यादातर सूखा रहेगा। कुल मिलाकर, 24 से 27 मार्च तक ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है।
कुल्लू और मनाली में दोपहर के समय तापमान थोड़ा बढ़ा। राज्य में सबसे ठंडा इलाका कुकुमसेरी रहा, जहां रात का तापमान माइनस 4.8 डिग्री तक गिरा। वहीं, ऊना में सबसे ज्यादा गर्मी रही, जहां दिन का तापमान 24.5 डिग्री तक पहुंचा। शिमला में भी पिछले 24 घंटों में रात का तापमान गिरकर 3 डिग्री रह गया। इस बार राज्य के चार शहरों में रात का तापमान माइनस में रिकॉर्ड किया गया।
अगले 24 घंटों में प्रदेश में रात का तापमान 3-4 डिग्री बढ़ सकता है। उसके बाद अगले 4-5 दिन में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री और बढ़ोतरी होगी। वहीं, दिन का तापमान अगले 24 घंटों में कई इलाकों में 4-10 डिग्री तक बढ़ सकता है। इसके बाद अगले 4-5 दिन में धीरे-धीरे 2-5 डिग्री और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।