#यूटिलिटी

September 4, 2026

हिमाचल में मौसम का कहर जारी, 5 सितंबर तक भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी

बारिश और भूस्खलन से करीब 100 सड़कें बंद

शेयर करें:

Himachal Pradesh news

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश लगातार जारी है। बारिश के कारण लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं और कई जगह जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक, प्रदेश में 5 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान मंडी, बिलासपुर और सिरमौर के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए इन क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है।

नदी-नालों से दूर रहने की सलाह

प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर नदी-नालों और पानी वाले इलाकों के पास जाने से बचने को कहा गया है। वहीं, संवेदनशील और भूस्खलन वाले क्षेत्रों में सफर करते समय भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के विधायकों को मिलेगी झंडी, गाड़ियों पर लगा सकेंगे फ्लैग; हर जिले का होगा अलग-अलग

बारिश और भूस्खलन से करीब 100 सड़कें बंद

लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश में करीब 100 सड़कें बंद हैं। इनमें सबसे ज्यादा सड़कें मंडी और कुल्लू जिले में प्रभावित हुई हैं। कई जगह सड़कें बंद होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बिजली-पानी की सप्लाई भी प्रभावित

बारिश का असर बिजली और पानी की सप्लाई पर भी पड़ा है। प्रदेश में करीब 150 बिजली ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं, जबकि 50 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। इसके चलते कई इलाकों में लोगों को बिजली और पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

 

यह भी पढ़ें : पेंशनरों के बकाये और यूनिवर्सिटी बिल पर सदन में हंगामा, CM सुक्खू और जयराम के बीच तीखी नोकझोंक

मानसून में अब तक 262 लोगों की मौत

हिमाचल में इस मानसून सीजन के दौरान अब तक 262 लोगों की जान जा चुकी है। 30 जून से 3 सितंबर तक प्राकृतिक आपदाओं के कारण 107 लोगों की मौत हुई है, जबकि सड़क हादसों में 155 लोगों की जान गई है।

हिमाचल को 1200 करोड़ से ज्यादा का नुकसान

बारिश और प्राकृतिक आपदाओं से प्रदेश को भारी आर्थिक नुकसान भी हुआ है। अब तक बुनियादी ढांचे, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और निजी संपत्ति को मिलाकर करीब 1,204 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। लगातार बारिश के कारण नुकसान का आंकड़ा आगे और बढ़ने की भी संभावना है।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख