#यूटिलिटी
March 15, 2025
हिमाचल में दरका पहाड़, चपेट में आया नया बना पुल, सड़क पर जाम; बाल-बाल बची गाड़ियां
रास्ता खोलने के लिए पीडब्ल्यूडी की टीम रवाना
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के उरेई-सांबरा मार्ग पर शनिवार को एक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा शनिवार को दरककर सड़क पर आ गिरा। पहाड़ से गिरे मलबे की चपेट में कोई वाहन नहीं आया, इसलिए बड़ा हादसा टल गया। लेकिन सड़क को दूसरी तरफ से जोड़ने वाला नया पुल इस लैंडस्लाइड के कारण टूट गया है। इससे रास्ते में वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा है। रास्ते को खोलने के लिए पीडब्ल्यूडी की टीम को रवाना किया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: अस्पताल से बंबर ठाकुर का पहला बयान, 'नड्डा परिवार' और भाजपा पर लगाए आरोप
छत से बर्फ हटाते गिरा युवक
जनजातीय क्षेत्र पांगी में दो मंजिला मकान की छत से बर्फ हटाते वक्त संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। 37 वर्षीय शाम सिंह पुत्र दुर्गा दास निवासी पुंटों शुक्रवार शाम करीब 6:00 बजे बर्फ हटाते समय मकान की छत से गिर गया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलावस्था में परिजन और ग्रामीण व्यक्ति को पालकी में उठाकर छह किलोमीटर तक बर्फ में पैदल चलकर सड़क तक पहुंचाया। जहां से आगे 9 किलोमीटर गाड़ी के जरिये उसे सिविल अस्पताल किलाड़ पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे कुल्लू अस्पताल के लिए रेफर किया गया। भारी बर्फबारी के बाद भी हालात सामान्य नहीं होने से अब रेफर मरीज के लिए हेलीकॉप्टर ही राहत प्रदान कर सकता है। मरीज के परिजनों ने पांगी प्रशासन से हेलीकॉप्टर के जरिये एयर लिफ्ट करने की मांग उठाई है। पांगी क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण हालात सामान्य नहीं हो पा रहे हैं और सड़कें भी बर्फ से ढकी हुई हैं। ऐसे में मरीज को हवाई मार्ग से इलाज के लिए कुल्लू भेजने की संभावना पर विचार किया जा रहा है।
7 जिलों में यलो अलर्ट
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार शाम से रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग शिमला ने राज्य के 7 जिलों में शनिवार और रविवार को भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के पर्वतीय इलाकों में जमकर बर्फबारी होने की आशंका है।