#यूटिलिटी
June 5, 2025
कोरोना की दस्तक से हिमाचल में अलर्ट, 150 ऑक्सीजन बेड का तैयार किया कोविड वार्ड
स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने की निर्देश
शेयर करें:

शिमला। देशभर में बढ़ रहा कोरोना ने हिमाचल में भी दस्तक दे दी है। हिमाचल के सिरमौर जिला में एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई। जिसके बाद हिमाचल स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड़ पर आ गया है। स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए नई गाइडलाइन जारी कर दी है। इसके साथ ही कोरोना से निपटने के लिए तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। स्वास्थ्य विभाग ने 150 ऑक्सीजन बेड का एक कोरोना वार्ड भी तैयार कर लिया है, ताकि जरूरत पड़ने पर इसका उपयोग किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश के सभी सरकारी अस्पताल परिसरों में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों को भी मास्क पहनना होगा। खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने सार्वजनिक स्थानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और भीड़भाड़ से बचने की भी सख्त हिदायत दी है, ताकि संक्रमण की श्रृंखला को समय रहते तोड़ा जा सके।
यह भी पढ़ें : सुक्ख की सरकार में दुख भरे दिन- सर्टिफिकेट बनाने पर लगेंगे डबल पैसे, छात्रों को करनी होगी जेब ढीली
हिमाचल के सबसे बड़े अस्पताल इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला में कोविड से निपटने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। अस्पताल परिसर में 150 ऑक्सीजन युक्त बेड वाला मेकशिफ्ट कोविड वार्ड तैयार किया गया है। आईजीएमसी के डिप्टी मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ प्रवीण एस भाटिया ने बताया कि कोविड की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सक्रिय कर दी गई हैं। अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सकों की टीम तैनात है और पर्याप्त संख्या में टेस्टिंग किट व दवाएं उपलब्ध हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों और अस्पताल अधीक्षकों को अलर्ट मोड में रहने और हालात पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। हाल ही में विभाग ने सभी अस्पतालों को ऑक्सीजन प्लांट की कार्यशीलता जांचने, टेस्टिंग सुविधाएं मजबूत करने और आईसीयू तैयारियों को लेकर दिशा.निर्देश जारी किए थे।
स्वास्थ्य विभाग ने हिमाचल के जनता से आग्रह किया गया है कि वे एहतियात बरतें, भीड़ से बचें, मास्क का नियमित उपयोग करें और अगर बुखार, खांसी, या जुकाम जैसे लक्षण महसूस हों तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं। समय पर उपचार से संक्रमण फैलाव पर रोक लगाई जा सकती है।
आपको बता दें कि देश के कई राज्यों में दस्तक देने के बाद अब हिमाचल प्रदेश में भी कोरोना वायरस की एंट्री हो गई है। पहला केस हिमाचल के सिरमौर जिले से सामने आया है। जहां मौजूद नाहन मेडिकल कॉलेज कोरोना टेस्ट करने पर एक महिला पॉजिटिव पाई गई है।
महिला कोरोना पॉजिटिव
पॉजिटिव पाई गई महिला का ठिकाना सरांह क्षेत्र के आसपास बताया जा रहा है, जिनकी उम्र 82 साल है। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह को हुए कोरोना के रैपिड टेस्ट में ये महिला पॉजिटिव मिली है।