#यूटिलिटी
January 30, 2026
हिमाचल में फिर भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, आंधी तूफान की भी चेतावनी; 4 दिन नहीं मिलेगी राहत
मौसम खुलते ही सड़कों से लेकर बिजली और पानी आपूर्ति बहाल करने में जुटे कर्मी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी के बाद लोगों को मिली धूप की राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने एक बार फिर प्रदेश में मौसम के बिगड़ने का पूर्वानुमान जारी किया है। आगामी दिनों में पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी, जबकि निचले इलाकों में तेज बारिश, आंधी और तूफान की चेतावनी दी गई है। इसे देखते हुए पूरे प्रदेश में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
बीते दिनों हुई भारी बर्फबारी का असर अभी भी प्रदेश के कई जिलों में साफ नजर आ रहा है। कुल्लू, लाहौल-स्पीति, शिमला, चंबा, मंडी और सिरमौर के कई इलाकों में जनजीवन पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है। शुक्रवार शाम तक प्रदेश में सैकड़ों सड़कें बंद रहीं, बिजली आपूर्ति प्रभावित रही और दर्जनों जल आपूर्ति योजनाएं ठप पड़ी थीं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: एक दिन बाद लगेगा महंगाई का झटका, बीडी-सिगरेट सहित इनके बढ़ेंगे दाम; बदल जाएंगे कई नियम
लगातार खराब मौसम के बाद प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली है। खासकर शिमला और आसपास के क्षेत्रों में धूप निकलने से सड़कों की बहाली] बिजली आपूर्ति और जल योजनाओं को दुरुस्त करने के कार्यों में तेजी आई है। बीते दो दिनों में सैकड़ों सड़कें और हजारों बिजली ट्रांसफार्मर बहाल किए गए हैं।
धूप के बावजूद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड बनी हुई है। लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री से नीचे चला गया है, जबकि कुकुमसैरी और मनाली में भी तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। प्रदेश के कई हिस्सों में रात का तापमान 5 डिग्री से कम बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार आज रात से एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से एक फरवरी से तीन फरवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम बिगड़ने की संभावना है। खासकर एक फरवरी को प्रदेशभर में बारिश और बर्फबारी होने के आसार जताए गए हैं। चार फरवरी के बाद मौसम के साफ होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : ब्रेकिंग: विक्रमादित्य सिंह के बाद एक और मंत्री भड़के- DC मंडी के खिलाफ लाया प्रिविलेज मोशन
मौसम विभाग ने हिमाचल के सभी 12 जिलों में आंधी-तूफान को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फीला तूफान चलने की भी आशंका जताई गई है, जिससे जनजीवन और यातायात प्रभावित हो सकता है।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कुल्लू, मनाली, लाहौल-स्पीति और पांगी क्षेत्र में 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है और प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें : एनजीटी की बड़ी कार्रवाई: विक्रमादित्य सिंह के विभाग पर लगा 47.14 लाख का भारी जुर्माना; जानें क्यों
चंबा जिले में जल शक्ति विभाग के कर्मी डेढ़ से तीन फीट बर्फ के बीच जंगलों और खतरनाक रास्तों से गुजरकर पेयजल आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं। जमा देने वाली ठंड के बीच कर्मियों की इस मेहनत की हर ओर सराहना हो रही है।
बारिश और बर्फबारी के असर से मैदानी इलाकों में घना कोहरा भी परेशानी का कारण बना हुआ है। बिलासपुर, मंडी और आसपास के क्षेत्रों में सुबह के समय दृश्यता काफी कम रही, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम में सुधार देखा गया।
यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य सिंह ने पेश की सादगी की मिसाल, प्रशंसक के आग्रह पर फोटोग्राफर बनी बुशहर की रानी
बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां अलर्ट पर हैं। लोगों से अपील की गई है कि मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए यात्रा करें और ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से पहले पूरी सावधानी बरतें। हिमाचल में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है, ऐसे में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।