#यूटिलिटी

March 30, 2026

हिमाचल में ओलावृष्टि ने मचाई तबाही, मैदानों पर झमाझम बारिश और तूफान ने भी बिगाड़े हालात

हिमाचल में अगले छह घंटों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी

शेयर करें:

himachal-Weather.jpg

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट लेते हुए जमकर कहर बरपाया है। ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि ने व्यापक तबाही मचाई है। खासकर शिमला, कुल्लू, मंडी और सराज क्षेत्र में ओलों की मार से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है।

 

इस सब के बीच मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज देर रात तक प्रदेश में भारी बारिश बर्फबारी के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 6 घंटों में चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के कुछ स्थानों पर मध्यम गरज और बिजली के साथ एक.दो स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है।

ओलावृष्टि ने मचाई तबाही, फसलें चौपट

कुमारसैन, सराज और आसपास के इलाकों में हुई तेज ओलावृष्टि ने स्टोन फ्रूट, सेब, मटर और अन्य फसलों को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई जगहों पर देखते ही देखते खेत सफेद चादर से ढक गए और खड़ी फसलें पूरी तरह तबाह हो गईं। बागवानों का कहना है कि इस मौसम ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बड़ा हा..दसा: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, कई लोग नीचे दबे; चीख पुकार से दहला क्षेत्र

बारिश से बाजार जलमग्न, जनजीवन प्रभावित

तेज बारिश के चलते कुमारसैन बाजार सहित कई जगहों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। चंबा और धर्मशाला में भी अचानक मौसम बदलने से लोग इधर-उधर शरण लेते नजर आए। कई जगहों पर सड़कों पर पानी भरने से यातायात भी प्रभावित हुआ।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी

प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों रोहतांग दर्रा, किन्नौर, छितकुल और लाहौल-स्पीति में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। रोहतांग में करीब 20 सेंटीमीटर तक हिमपात हुआ, जिससे कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हुई। मौसम में आई इस ठंडक से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।

 

यह भी पढ़ें : कर्ज में डूबा हिमाचल... सुक्खू सरकार ने विज्ञापनों पर लुटा दिए करोड़ों रुपए, बजट सत्र में खुलासा

मौसम विभाग का ऑरेंज और येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और कांगड़ा जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बिगड़ा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण प्रदेश में मौसम लगातार खराब बना हुआ है। अगले एक-दो दिन तक कुछ इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी। हालांकि इसके बाद मौसम कुछ समय के लिए साफ हो सकता है, लेकिन 3 अप्रैल से एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के संकेत हैं।

 

यह भी पढ़ें : नया पद मिलते ही नीरज भारती ने किया 'धमाका', आभार संदेश से CM का नाम गायब, वजह भी बताई

हवाई सेवाएं और यातायात भी प्रभावित

खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट पर खराब दृश्यता के कारण एक उड़ान रद्द करनी पड़ी। वहीं बर्फबारी और बारिश के चलते कई मार्गों पर यातायात बाधित रहा, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

किसानों-बागवानों की बढ़ी चिंता

बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने रबी फसलों के साथ-साथ फलदार पौधों की फ्लावरिंग को भी प्रभावित किया है। किसानों का कहना है कि इस समय धूप की जरूरत थी, लेकिन लगातार खराब मौसम से उत्पादन पर असर पड़ सकता है। प्रदेश में बदले मौसम के इस मिजाज ने जहां ठंड को फिर से बढ़ा दिया है, वहीं किसानों और आम जनजीवन के लिए नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। आने वाले दिनों में मौसम का रुख किस दिशा में जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख