New Financial Year: शिमला। हिमाचल प्रदेश में आज यानी पहली अप्रैल नए वित्त वर्ष के शुरू होते ही कई बदलाव हुए हैं। जिसका असर आम जनता पर पड़ेगा। कई लोगों को खुशी मिलेगी तो कईयों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी। आज से कई लोगों को मिलने वाले वेतन, दिहाड़ी में बढ़ोतरी हुई है, तो कई चीजें प्रदेश में महंगी भी हुई हैं। टोल टैक्सए मनरेगा मजदूरी वेतन और गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी की गई है।
गैस सिलेंडर की कीमतों में हुआ बदलाव
हिमाचल में आज नए वित्त वर्ष से गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव हुआ है। हालांकि यह बदलाव लोगों को राहत देने वाला है। हिमाचल में गैस सिलेंडर की कीमतों में पहली अप्रैल से कटौती की गई है।
गैस सिलेंडर की कीमतों में 30.50 रुपए तक की कटौती की गई है। हालांकि, यह कटौती कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर की गई हैए जबकी घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
टोल टैक्स में हुई बढ़ोतरी
इसी तरह से हिमाचल में आज यानी पहली अप्रैल से शिमला कालका.हाईवे पर सनवारा टोल टैक्स में भी बढ़ोतरी की गई है। यहां पर कमर्शियल वाहनों के शुल्क में 5 से 10 रुपए तक की वृद्धि की गई है। हालांकि कार, जीप, वैन और लाइट मोटर वाहनों के शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कार, जीप, वैन के लगेंगे 70 रुपए
कार, जीप, वैन और एलएमवी 70 रुपए चुकाने होंगे। लाइट कमर्शियल वाहन और अन्य 115, बस और ट्रक (टू एक्सल) 240ए थ्री एक्सल कमर्शियल वाहन 260, एचसीएम, ईएमसी, एमएवी 375 और ओवर साइज वाहन 455 रुपये टोल टैक्स लगेगा। इसी तरह से कीरतपुर मनाली फोरलेन पर भी टोल टैक्स में इजाफा हुआ है।
पुलिस कर्मियों की बढ़ गई डाइट मनी
वहीं आज से हिमाचल पुलिस कर्मचारियों की डाइट मनी भी चार गुणा बढ़ गई है। सुक्खू सरकार ने बजट में इसकी घोषणा की थी। बजट सत्र में की गई घोषणाएं पहली अप्रैल से लागू हो रही हैं। पुलिस कर्मचारियों की डाइट मनी 250 रुपए से बढ़ाकर एक हजार कर दी गई है। इससे प्रदेश के 18000 पुलिस कर्मियों को लाभ मिलेगा।
एचआरटीसी की एसी बसों में 10 फीसदी अधिक लगेगा किराया
हिमाचल प्रदेश में पहली अप्रैल से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की लग्जरी बसों में सफर महंगा हो गया है। इन एसी बसों में अब यात्रियों को अब 10 फीसदी अधिक किराया देना होगा।
बता दें कि निगम एसी वोल्वो बसों में प्रदेश से दिल्ली, चंडीगढ़ और अमृतसर सहित बाहरी राज्यों को जाने वाले यात्रियों को पर्यटन सीजन में 30 सितंबर तक 10 फीसदी किराये में छूट देता है, जिसे अब बंद कर दिया गया है। यह छूट हर साल ऑफ सीजन में 1 अक्तूबर से 31 मार्च तक लग्जरी बसों दी जाती है।
मेयर को मिलेगा 24 हजार रुपए मासिक वेतन
हिमाचल में आज से जनप्रतिनिधियों के वेतन में भी इजाफा हुआ है। प्रदेश में शिमला, मंडी, सोलन, धर्मशाला और पालमपुर नगर निगम के मेयर को इसका लाभ मिलेगा। आज से मेयर को 24 हजार रुपये मासिक वेतन मिलेगा। इसमें चार हजार रुपये की बढ़ोरतरी की घोषणा की गई थी।
पार्षदों का 8400 रुपए मिलेगा वेतन
इसी तरह डिप्टी मेयर के वेतन में तीन हजार रुपये का इजाफा हुआ और उन्हें 18 हजार वेतन दिया जाएगा। जबकि पार्षद को 1400 रुपये की बढ़त के साथ 8400 रुपए वेतन मिलेगा।
नगर परिषद अध्यक्ष को 10200 रुपए वेतन
नगर परिषद अध्यक्ष को 1700 रुपये इजाफे के साथ 10200 रुपए वेतन दिया जाएगा। वहीं, उपाध्यक्ष को 1400 बढ़त के साथ 8400 रुपए, पार्षद को अब सात सौ रुपये बढ़त के साथ 4200 रुपए प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
मनरेगा मजदूरों की बढ़ गई दिहाड़ी
हिमाचल में पहली अप्रैल से मनरेगा कामगारों की दिहाड़ी भी बढ़ गई है। सुक्खू सरकार ने इन मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी एक साथ 60 रुपए बढ़ाई है, जो आज से इन मजदूरों को मिलना शुरू हो जाएगी। यानी अब मनरेगा मजदूरों को तीन सौ रुपए दिहाड़ी मिलेगी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में आज से महंगी हो जाएगी बिजली, हजारों लोगों की बंद होगी सब्सिडी
3 वर्ष पूरा करने वाले अनुबंध कर्मचारी होंगे नियमित
इसी तरह से हिमाचल प्रदेश में सरकारी विभागों तथा निगमों व बोर्डों में 3 वर्ष का सेवाकाल पूरा करने वाले अनुबंध कर्मचारी नियमित होंगे लेकिन आदर्श आचार संहिता के कारण सरकार को इसके लिए चुनाव आयोग से अनुमति लेनी पड़ेगी।
पेंशनरों को इसी माह से मिलेगा एरियर
हिमाचल में लाखों पेंशनर्स के लिए अप्रैल का महीना खुशियों भरा रहेगा। नए वित्त वर्ष में आज यानी पहली अप्रैल को एरियर का पैसा पेंशनर्स के खाते में डलेगा। ऐसे में पेंशनरों का एरियर इंतजार समाप्त हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: आज से कर्मचारियों-पेंशनरों को 4% DA, इन वर्गों को मिलेगा बढ़ा हुआ वेतन
नए साल में पेंशनरों को वेतन आयोग के एरियर का भुगतान पहली ही तारीख को होगा। सुक्खू सरकार ने एरियर का भुगतान पेंशनर की उम्र के हिसाब से देना तय किया है।
https://www.facebook.com/news4himalayans