#खेल
February 17, 2025
हिमाचल: छोटे से गांव का बेटा बना कबड्डी स्टार, नेशनल टीम में चयन- भावुक हुए माता-पिता
विशाल पटयाल ने राष्ट्रीय कबड्डी टूर्नामेंट में जगह बनाई
शेयर करें:
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के बड़सर उपमंडल के 22 वर्षीय विशाल पटयाल ने अपनी खेल प्रतिभा से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उन्हें ओडिशा में 20 से 23 फरवरी तक आयोजित होने वाले नेशनल कबड्डी टूर्नामेंट के लिए चुना गया है। जिसके बाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।
विशाल पटयाल की कबड्डी टीम में चयन उनकी मेहनत को दर्शाता है। पहले ही ऑल इंडिया यूथ लीग में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अंडर-20 नेशनल टूर्नामेंट में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा, विशाल किक बॉक्सिंग और कराटे में भी निपुण हैं। उनकी बहुमुखी खेल प्रतिभा ने उन्हें विभिन्न खेलों में सफल होने का अवसर प्रदान किया है।
विशाल की इस उपलब्धि पर CM सुखविंदर सिंह सुक्खू, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और विधायक इंद्रदत्त लखनपाल सहित कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। विशाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और जिला खेल अधिकारी पूर्ण कटोच को दिया है।
विशाल की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है और उनका यह प्रयास युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। वहीं, विशाल के परिवार में इस खबर के आते ही खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।
बता दें कि हिमाचल से कुल 12 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय टीम के लिए हुआ है। हालांकि इस टीम पर कई खेल प्रेमियों ने सवाल भी उठाएँ थे और चयन प्रक्रिया पर भी राष्ट्रीय खिलाड़ी रहे अजय ठाकुर को घेरा था।