#खेल
November 19, 2025
छा गई हिमाचल की बेटियां- टीम INDIA में 6 खिलाड़ियों का चयन, विदेश में खेलेंगी
अंतरराष्ट्रीय मंच पर हिमाचल का दबदबा
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश की बेटियों ने एक बार फिर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। थाईलैंड में करवाई जा रही यूथ वुमन हैंडबाल चैम्पियनशिप में भारत की टीम में 6 हिमाचली खिलाड़ी शामिल हैं, जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
जानकारी के अनुसार, यह प्रतियोगिता 22 नवंबर तक चलेगी। इन सभी खिलाड़ियों का ताल्लुक मोरसिंघी हैंडबाल नर्सरी से है। इसके अलावा, भारत की युवा महिला टीम की कप्तानी भी हिमाचल की ही एक बेटी को सौंपी गई है, जो प्रदेश की खेल प्रतिभा और मेहनत का शानदार उदाहरण पेश करती हैं। यह बिलासपुर और पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि स्थानीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
⦁ कनिष्का
⦁ नेहा चौहान
⦁ पायल ठाकुर
⦁ शिवानी
⦁ वंशिका
⦁ मुस्कान
वहीं, प्रदेश के ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष सांसद अनुराग ठाकुर, महासचिव राजेश भंडारी, कोषाध्यक्ष अमिताभ शर्मा, एमच्योर हैंडबाल एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के प्रधान कुलदीप राणा, महासचिव क्रांति सिंह, कोषाध्यक्ष प्रवीण दुबे और हैंडबाल कोच स्नेहलता ने इन खिलाड़ियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण से निश्चित ही टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी और भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकेगा। इस मौके पर स्थानीय लोग और खेल प्रेमी भी इन खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर गर्व महसूस कर रहे हैं और उन्हें सफलता के लिए शुभकामनाएँ दे रहे हैं। बिलासपुर की मोरसिंघी हैंडबाल नर्सरी ने यह नाम रोशन करके आने वाले समय में और भी युवा खिलाड़ियों को प्रेरित किया है।