#धर्म
February 22, 2026
मंडी शिवरात्रि में प्राकृतिक संकट की चेतावनी: देवता ने कहा- नियम तोड़े तो भुगतने होंगे गंभीर परिणाम
देव पुंडरीक ऋषि ने दी चेतावनी: रीति.रिवाज टूटे तो आएगा संकट
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश में छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी में सात दिनों तक आस्था, परंपरा और देव संस्कृति का अद्भुत संगम देखने के बाद अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव का विधिवत समापन हो गया। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में देव परंपराओं के अनुरूप अंतिम देव समागम हुआ, लेकिन इस बार समापन के साथ देव संदेश ने सबका ध्यान खींच लिया।
सराज घाटी के आराध्य देव देव पुंडरीक ऋषि ने देववाणी के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया कि पवित्र देवस्थलों] प्राचीन रीति-रिवाजों और निर्धारित व्यवस्थाओं के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ अस्वीकार्य है। देवता ने चेतावनी दी कि यदि परंपराओं को तोड़ा गया तो प्राकृतिक संकट सहित गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बच्चा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़- 3 अरेस्ट, एक नवजात का रेस्क्यू- पंजाब तक फैला है जाल
देव संदेश में यह भी संकेत दिया गया कि आने वाले समय में देश-दुनिया और हिमाचल प्रदेश चुनौतियों का सामना कर सकते हैं। हालांकि देवताओं ने आश्वस्त किया कि अठारह करडू देवता अपनी रक्षा छाया बनाए रखेंगे, बशर्ते समाज और प्रशासन देव मर्यादाओं का पालन करें।
इस वर्ष महोत्सव के दौरान देवताओं के बैठने की पारंपरिक व्यवस्था में किए गए बदलावों पर भी असंतोष जताया गया। देववाणी में कहा गया कि दशकों से तय स्थानों और अनुशासन को बदलना देव मर्यादा का उल्लंघन है। मंडी की शिवरात्रि और कुल्लू का दशहरा जैसे आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देव आस्था के जीवंत प्रतीक हैं। इन आयोजनों की अपनी परंपरागत संरचना है, जिसे बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
यह भी पढ़ें :हिमाचल : घर में तोड़फोड़ का काम बना काल- खेलते बच्चे पर गिरी ईंट, अस्पताल में तोड़ा दम
चेतावनी के साथ देव आशीर्वाद भी मिला। संदेश में कहा गया कि छोटी काशी पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी। देवता सदैव भक्तों के साथ खड़े हैं, लेकिन यह संरक्षण तभी संभव है जब समाज देव संस्कृति को उत्सव नहीं, बल्कि जीवन पद्धति माने। सात दिन तक चली इस अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि हिमाचल की देव संस्कृति केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक अनुशासन और परंपराओं की मजबूत डोर है जिसे टूटने नहीं दिया जा सकता।