#राजनीति

June 10, 2025

वीरभद्र की प्रतिमा अनावरण में शामिल होंगे दिल्ली के ये कांग्रेस नेता ! विक्रमादित्य ने दिया न्योता

मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल और राजीव शुक्ला से मिले विक्रमादित्य

शेयर करें:

virbhadra-singh Statue

शिमला। हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार में लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह पिछले दो दिन से दिल्ली में मौजूद हैं। इस दौरान विक्रमादित्य सिंह ने दिल्ली में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भेंट कर प्रदेश के अधोसंरचना विकास से जुड़े अनेक अहम मुद्दों पर चर्चा की। इतना ही नहीं विक्रमादित्य सिंह ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की।

रिज पर स्थापित होगी वीरभद्र की प्रतिमा

दरअसल आधुनिक हिमाचल के निर्माता और छह बार के मुख्यमंत्री रहे स्व वीरभद्र सिंह की प्रतिमा हिमाचल की राजधानी शिमला के रिज पर स्थापित की जा रही है। 23 जून को स्व वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण को लेकर शिमला के ऐतिहासिक रिज पर एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। विक्रमादित्य सिंह ने दिल्ली में कांग्रेस और भाजपा नेताओं को इस कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया है।

 

यह भी पढ़ें : दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मिले विक्रमादित्य सिंह, फंड, सुरंग निर्माण पर मिला भरोसा

मल्लिकार्जुन खड़गे सहित इन नेताओं को दिया आमंत्रण

विक्रमादित्य सिंह ने बीते रोज सोमवार देर शाम को कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की और उन्हें वीरभद्र की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इसी तरह से विक्रमादित्य सिंह ने संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल और राज्य सभा सांसद और हिमाचल के पूर्व प्रभारी राजीव शुक्ला से भी मुलाकात कर उन्हें भी विशेष रूप से आमंत्रित किया। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल सरकार का बड़ा फैसला- खराब रिजल्ट आने पर स्कूल प्रिंसिपल्स और टीचर्स की नहीं बढ़ेगी सैलरी

23 जून को होगा प्रतिमा का अनावरण

बता दें कि हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और छह बार के सीएम रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की याद में शिमला के ऐतिहासिक रिज पर उनकी प्रतिमा स्थापित की जा रही है। यह प्रतिमा उनके जन्मदिन 23 जून 2025 को दौलत सिंह पार्क में हिमाचल के निर्माता डॉ यशवंत सिंह परमार की प्रतिमा के पास अनावरण की जाएगी। यह कदम न सिर्फ वीरभद्र सिंह के योगदान को सम्मान देगा, बल्कि हिमाचल की जनता की भावनाओं को भी प्रतिबिंबित करेगा।

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने इसी साल 25 हजार नौकरियां देने का किया एलान, जानें किन पदों पर होंगी भर्तियां

एक लंबी मांग पूरी होने की राह पर

शिमला के रिज पर वीरभद्र सिंह की प्रतिमा लगाने की मांग लंबे समय से चल रही थी। 2023 में उनके जन्मदिन पर इसे लगाने की योजना थी, लेकिन सरकार की ओर से मंजूरी में देरी के कारण यह टल गया था। इस मुद्दे ने कांग्रेस के अंदर भी तनाव पैदा किया था, जब विक्रमादित्य ने इसके लिए अपनी नाराजगी जाहिर की थी। अब यह सपना हकीकत में बदलने जा रहा है, जिससे उनके समर्थकों में खुशी की लहर है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख