#राजनीति
March 20, 2026
हिमाचल पहुंचे राहुल गांधी, कल बजट पेश करेंगे CM- यहां जानें आने की वजह
राहुल गांधी के हिमाचल पहुंचने से सियासी हलचल शुरू हो गई है
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला इन दिनों राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बनी हुई है। एक ओर विधानसभा सत्र जारी है, वहीं दूसरी ओर शनिवार यानी कल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा बजट पेश किया जाना है। ऐसे अहम समय में प्रदेश की सियासत के बीच एक और हलचल उस वक्त बढ़ गई- जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शिमला पहुंचे।
राहुल गांधी आज दोपहर करीब 1:30 बजे शिमला पहुंचे। यहां से राहुल गांधी सीधे छराबड़ा स्थित अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के निजी आवास के लिए रवाना हो गए। राहुल गांधी अब कुछ दिन वहीं ठहरेंगे।
राहुल गांधी का यह दौरा भले ही निजी बताया जा रहा हो, लेकिन इसके राजनीतिक मायने भी तलाशे जा रहे हैं। दऱअसल, कल हिमाचल के मुखिया सुखविंद्र सिंह सुक्खू बजट पेश करने वाले हैं। इसी को लेकर सियासी हलचल हो रही है।
सूत्रों के मुताबिक, इस दौरे के दौरान राहुल गांधी किसी भी राजनीतिक बैठक या सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगे। उनका यह दौरा पूरी तरह निजी है और वे परिवार के साथ समय बिताने के उद्देश्य से यहां पहुंचे हैं।
उल्लेखनीय है कि छुट्टियां बिताने गांधी परिवार कई बार हिमाचल में अपने आवास पर रहने के लिए आता है। मगर बहुत बार ऐसा भी होता है कि गांधी अपने दौरे को निजी रखते है और वे यहां किसी भी कांग्रेसी नेता से मुलाकात किए बिना ही वापस रवाना हो जाते हैं।
आपको बता दें कि छराबड़ा में प्रियंका गांधी का यह बंगला पहले भी कई बार विवादों में रह चुका है। सोशल साइट ट्विटर पर ट्वीट करते हुए शख्स ने प्रियंका गांधी के घर को अवैध बताते हुए लिखा कि इस घाटी में किसी और को घर बनाने की अनुमति नहीं है, लेकिन शाही/खास परिवार के लिए नियम कुछ और ही हैं। खैर कोई बात नहीं, मुझे यह बंगला संपत्तियां फिर से बांटने वाला प्लान (कांग्रेस के) तहत चाहिए। उम्मीद है कि इसमें प्रियंका गांधी को कोई दिक्कत नहीं होगी।
बता दें कि जब हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से संबंध रखने वाली बॉलीवुड क्वीन कंगना रनौत के मुंबई स्थित घर पर बीएमसी ने तोड़-फोड़ की थी। तब लोगों ने नाराजगी जताते हुए हिमाचल प्रदेश में स्थित प्रियंका गांधी के इस मकान को अवैध बताया और इसे तोड़ने की मांग भी की थी।