शिमला। हिमाचल प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो चुका है। अब सबकी नजरें 4 जून को आने वाले नतीजों पर टिकी हुई हैं। इसी बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व मंडी संसदीय क्षेत्र से निवर्तमान सांसद प्रतिभा सिंह ने नतीजों को लेकर बड़ा दावा किया है।
कांग्रेस के पक्ष में आएगा परिणाम
प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकसभा के चुनाव परिणाम एग्जिट पोल के विपरीत आएंगे। अगर EVM से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई तो देश के साथ-साथ प्रदेश में भी चुनाव नतीजे कांग्रेस के पक्ष में आएंगे। उन्होंने कहा कि देश में इंडिया गठबंधन सरकार बनेगी। PM मोदी का 400 पार का नारा असफल हो गया है। BJP 200 पार भी नहीं कर पाएगी। 4 जून को चुनाव परिणाम कांग्रेस के पक्ष में अप्रत्याशित चौंकाने वाले होंगे।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: देवेंद्र भुट्टो और बेटे के खिलाफ दर्ज हुईं 3 FIR, जानें क्या है पूरा मामला
रिकॉर्ड मतों से जीतेंगे विक्रमादित्य
प्रतिभा सिंह ने मंडी संसदीय सीट से अपने बेटे व कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह की जीत पक्की होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह रिकॉर्ड मतों से अपनी जीत का परचम लहरायेंगे। मंडी संसदीय क्षेत्र के लोग पहले भी कांग्रेस के साथ थे और इस बार पूरी तरह कांग्रेस के ही साथ हैं।
BJP ने नहीं की मुद्दों पर बात
प्रतिभा सिंह ने कहा कि चुनाव में BJP ने मुद्दों पर कोई बात नहीं की। BJP वाले बढ़ती मंहगाई और बेरोजगारी पर पूरी तरह खामोश रहे। जबकि, कांग्रेस ने चुनाव को बड़ी मजबूती के साथ लड़ा है। इसी के चलते प्रदेश में लोगों ने कांग्रेस के पक्ष में भारी मतदान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चारों लोकसभा और छह विधानसभा चुनाव परिणाम भी कांग्रेस के पक्ष में आएंगे।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: कोल्ड ड्रिंक्स लेने बाजार गई थी किशोरी, भगा ले गया युवक, मिली ये सजा
अनाप-शनाप बयानबाजी कर फैलाया डर
BJP पर आरोप लगाते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा BJP वालों ने चुनाव परिणाम प्रभावित करने के लिए जो-जो हतकंडे अपनाए हैं, वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने अनाप-शनाप बयानबाजी कर लोगों में डर पैदा करने का असफल प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि BJP द्वारा लोकतंत्र को धनबल से कमजोर करने की कोशिश की गई है। मगर जनबल ने इस धनबल को पूरी तरह से नकार दिया है।