#राजनीति

October 8, 2024

कंगना को टक्कर देने के मूड में विक्रमादित्य, मंडी की जनता के बनेंगे मददगार

शेयर करें:

मंडी। हिमाचल की कांग्रेस सरकार में लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह एक बार फिर भाजपा की सांसद कंगना रनौत को टक्कर देने के मूड में हैं। कंगना रनौत ने अभी हाल ही में मंडी में अपना एक कार्यालय खोला है। उसी तर्ज पर अब विक्रमादित्य सिंह भी मंडी में अपना एक कैंप ऑफिस खोलने जा रहे हैं। विक्रमादित्य सिंह लोक सभा चुनाव के दौरान मंडी की जनता से किया वादा पूरे करने जा रहे हैं। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह अपने कैंप ऑफिस में बैठ कर मंडी की जनता की समस्याएं सुनेंगे।

मंडी में विक्रमादित्य खोल रहे कैंप ऑफिस

विक्रमादित्य सिंह का यह कैंप ऑफिस राजमहल कॉम्पलेक्स में खोला जा रहा है। जिसका विधिवत शुभारंभ कल बुधवार को सुबह 9 बजे खुद विक्रमादित्य सिंह करेंगे। विक्रमादित्य सिंह के इस ऑफिस में क्या क्या व्यवस्थाएं रहेंगी और खुद मंत्री महोदय इस कैंप ऑफिस में महीने में कितने दिन बैठा करेंगे, इसको लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

विक्रमादित्य सिंह ने कंगना के खिलाफ लड़ा था लोकसभा चुनाव

बता दें कि अभी हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा ने फिल्म अभिनेत्री और मंडी की बेटी कंगना रनौत को मंडी संसदीय सीट से अपना प्रत्याशी बनाया था और उसे टिकट देकर मैदान में उतारा था। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी अपने चर्चित चेहरे और स्व वीरभद्र सिंह के नाम का सहारा लेते हुए उनके ही बेटे विक्रमादित्य सिंह को कंगना के खिलाफ मैदान में उतारा था।

लोकसभा चुनाव में जनता से किया था वादा

लोकसभा चुनाव में हिमाचल की मंडी सीट पर ही पूरे देश की नजरें टिकी हुई थी। मंडी लोकसभा सीट से चुनाव प्रचार के दौरान ही विक्रादित्य सिंह ने मंडी की जनता से वादा किया था कि वह मंडी में अपना एक कार्यालय खोलेंगे, जहां लोगों की समस्याओं को सुना जाएगा। लोकसभा चुनाव तो विक्रमादित्य सिंह हार गए। उन्हें कंगना रनौत ने लगभग 74 हजार मतों के अंतर से हरा दिया। यह भी पढ़ें : हिमाचल में ड्रोन से जासूसी कर रहा चीन? मंत्री ने किया बड़ा खुलासा- लोगों में हड़कंप

जनता की सुनेंगे समस्याएं

लोकसभा चुनाव हारने के बाद भी विक्रमादित्य सिंह ने मंडी की जनता से किया वादा याद रखा और अब उसे पूरा करने जा रहे हैं। कांग्रेस सरकार में दो महत्तवपूर्ण विभागों का जिम्मा संभाल रहे विक्रमादित्य सिंह ने चुनाव हारने के बाद भी अपना सकारात्मक रवैया दिखाया और जनता से किया वादा पूरा करते हुए मंडी में कैंप ऑफिस खोल रहे हैं। इस कैंप ऑफिस में विक्रमादित्य सिंह लोगो की समस्याएं सुनेंगे। यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर का आरोप- सुक्खू सरकार ने 18 महीनों में लिया 27 हजार करोड़ का कर्ज

विक्रमादित्य सिंह कल करेंगे अपने कार्यालय का शुभारंभ

विक्रमादित्य सिंह का यह कैंप ऑफिस राजमहल कॉम्पलेक्स में खोला गया है, जिसका कल बुधवार को शुभारंभ होगा। इस कैंप में विक्रमादित्य सिंह महीने में कितने दिन बैठेंगे और उनकी गैरमौजूदगी में लोगों की समस्याएं वहां कौन सुनेगा, इसका अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है। उम्मीद जताई जा रही है कि कल अपने ऑफिस का शुभारंभ करने के दौरान ही विक्रमादित्य सिंह इन सब बातों का खुलासा कर सकते हैं। यह भी पढ़ें : ‘वो आजादी नहीं भीख थी’- कंगना के बयान पर मध्यप्रदेश HC ने भेजा नोटिस

किसका ऑफिस होगा लोगों के लिए मददगार

माना जा रहा है कि विक्रमादित्य सिंह कहीं ना कहीं भाजपा की सांसद कंगना रनौत को पूरी टक्कर देने के मूड़ में हैं। क्योंकि कंगना ने भी अभी हाल ही में अपना ऑफिस मंडी में खोला है। कंगना की अनुपस्थिति में उनका स्टाफ ही लोगों की समस्याओं को सुनता है। लेकिन अब देखना यह है कि एक तरफ मंडी की सांसद का ऑफिस और दूसरी तरफ मंत्री महोदय का कार्यालय लोगों के लिए ज्यादा मददगार साबित होता है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख