#राजनीति
March 23, 2025
हिमाचल कांग्रेस के जिलाध्यक्षों का होगा ऐलान, दिल्ली में पाटिल संग मंथन कर रहे प्रदेश के नेता
आलाकमान के आदेश पर सीएम सहित तमाम नेता मिलने पहुंचे
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के नाम का ऐलान एक-दो दिन में कर दिया जाएगा। रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की दिल्ली में पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल से रविवार को मुलाकात हुई। सीएम सुक्खू और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने भी पाटिल से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि कांग्रेस हाईकमान जल्द ही हिमाचल कांग्रेस के नए संगठन का ऐलान कर देगा। उससे पहले जिलाध्यक्षों का ऐलान होगा।
कांग्रेस पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों की राष्ट्रीय स्तर पर बैठक 26-27 मार्च को होनी है। उसमें हिमाचल प्रदेश के पार्टी जिला अध्यक्षों को भाग लेना है। माना जा रहा है कि उससे पहले ही नाम का ऐलान कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : इधर 3 दिन से तलाशता रहा परिवार, उधर खाई में कार समेत मिली शख्स की देह
यह भी माना जा रहा है कि राज्य में भाजपा से बराबरी के मुकाबले के लिए कांग्रेस भी अपने संगठनात्मक ब्लॉक और जिलों में इजाफा करेगी। रविवार को कांग्रेस आलाकमान और प्रदेश में पार्टी नेतृत्व के साथ जारी बैठक का यह मुख्य एजेंडा होगा। बताया जा रहा है कि प्रतिभा सिंह ने इसका रोडमैप तैयार कर लिया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के सामने वे प्रस्तुतिकरण देंगी। इसी बैठक में यह तय होगा कि असल में पार्टी कितने जिलाध्यक्षों के नाम का ऐलान करती है।
यह भी पढ़ें : राज्यपाल की दो टूक: हिमाचल में बिगड़ी कानून व्यवस्था, सरकार बताए कैसे करेगी ठीक?
इसके बाद इसी बैठक में हिमाचल प्रदेश की नई कार्यकारिणी के गठन पर चर्चा होनी है। राज्य कांग्रेस पार्टी ने जिला अध्यक्षों और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के नामों की अंतिम सूची हाईकमान को सौंप दी है। अब इस सूची पर आलाकमान का अनुमोदन होना बाकी है। इसके साथ ही निगम बोर्डों में पदाधिकारियों की तैनाती को लेकर भी बैठक में चर्चा होनी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पर बढ़ेगा कर्ज का बोझ: सुक्खू सरकार फिर लेगी 337 करोड़ का लोन
आपको बता दें कि इससे पहले हिमाचल कांग्रेस के संगठन को लेकर पर्यवेक्षकों ने पहले ही हाईकमान को अपनी रिपोर्ट सौंप दी थी। शिमला में रजनी पाटिल ने संगठन के पदाधिकारियों और नेताओं से फीडबैक लिया था। उन्होंने सीएम सुक्खू, उप मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के सुझावों को आधार बनाकर पार्टी की राज्य कार्यकारिणी में भावी पदाधिकारियों की लिस्ट बनाई है।