शिमला। हिमाचल प्रदेश में मंडी लोकसभा सीट पर विक्रमादित्य सिंह ही कंगना के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। इसका फैसला आज दिल्ली में हो गया है। दिल्ली में सीईसी की बैठक में आज हिमाचल की लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा हुई। जिसमें दो प्रत्याशियो के नाम तय कर लिए गए हैं। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश की मंडी संसदीय सीट पर विक्रमादित्य सिंह को टिकट दे दिया है।
सबसे हॉट सीट पर कांग्रेस ने विक्रमादित्य को दिया टिकट
इसी तरह से शिमला संसदीय सीट से विनोद सुल्तानपुर को चुनावी मैदान में उतारा गया है। विनोद सुल्तानपुरी के पिता के डी सुल्तानपुरी शिमला से छह बार सांसद रह चुके हैं। जिसके चलते अब कांग्रेस ने शिमला में विनोद सुल्तानपुरी को टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं सबसे हॉट सीट मानी जा रही मंडी को विक्रमादित्य सिंह फतह करेंगे।
प्रतिभा सिंह ने किया ऐलान
कांग्रेस के दोनों प्रत्याशियों के नाम तय होने का ऐलान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने किया है। हालांकि पार्टी की तरफ से इसकी अभी तक अधिकारिक तौर पर घोषणा नहीं की गई है, लेकिन बताया जा रहा है कि दिल्ली में आज हुई सीईसी की बैठक में इन दोनों प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर लिए गए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ये कैसी FIR: CPS को बता दिया यहूदी, रिटायर IAS की उम्र 30 साल
इससे पहले सीएम सुक्खू ने भी संकेत दिए थे कि कांग्रेस युवा चेहरों को मैदान में उतार सकती है। दिल्ली में आज सीईसी की बैठक हुई है। जिसमें शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी दिल्ली गए हुए हैं।
भाजपा ने मंडी से कंगना को दिया है टिकट
बता दें कि मंडी सीट पर भाजपा ने वॉलीबुड अभिनेत्री कंगना रनौत को टिकट देकर मैदान में उतारा है। कंगना पिछले कुछ दिनों से अपने चुनाव प्रचार में भी जुटी हुई है और विक्रमादित्य सिंह पर लगातार हमला किए जा रही है। वहीं विक्रमादित्य सिंह भी कंगना के हमलों का जवाब दे रहे हैं। दोनों ही नेताओं के बीच वॉक युद्ध छिड़ा हुआ है।