#राजनीति
April 9, 2026
जयराम ने खोली सुक्खू सरकार की पोल: बोले- IGMC को 60 करोड़ भुगतान तो घोटाला 110 करोड़ का कैसे
हिमकेयर योजना को बदनाम कर उसे बंद करने की साजिश कर रही सुक्खू सरकार
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश की राजनीति उस समय गरमा गई, जब पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू पर झूठ बोलने के आरोप लगाए और आंकड़ों के साथ तथ्य जनता के सामने रखे। सराज विधानसभा क्षेत्र के बालीचौकी में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि साजिश के तहत हिमकेयर योजना को बदनाम कर बंद करने की कोशिश की जा रही है।
बालीचौकी में आयोजित रोष रैली और जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमकेयर योजना ने प्रदेश के लाखों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा दी है, लेकिन मौजूदा सरकार इसे खत्म करने की पृष्ठभूमि तैयार कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री लगातार ऐसे बयान दे रहे हैं, जिससे योजना की विश्वसनीयता पर सवाल उठें और उसे बंद करने का रास्ता बनाया जा सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: नर्सिंग छात्रा मामले का आरोपी युवक गिरफ्तार, 3 दिन पहले युवती को होटल ले गया था
जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा में मुख्यमंत्री द्वारा हिमकेयर में 1100 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया गया था, जिसे उन्होंने तथ्यों के साथ खारिज किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में इस योजना के तहत कुल उपचार का खर्च ही लगभग 441 करोड़ रुपये था, ऐसे में 1100 करोड़ के घोटाले का दावा पूरी तरह निराधार है। उन्होंने इसे सरकार की गलत जानकारी या जानबूझकर फैलाया गया भ्रम बताया।
नेता प्रतिपक्ष ने आईजीएमसी में कथित घोटाले के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पहले 110 से 120 करोड़ रुपये के घोटाले की बात कर रहे थे, लेकिन जांच में सामने आया कि 2019 से 2022 के बीच हिमकेयर के तहत वहां करीब 60 करोड़ रुपये का ही भुगतान हुआ था। ऐसे में घोटाले की राशि दोगुनी बताना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : नर्सिंग ट्रेनी दिव्य ने खत्म किया अपना जीवन, पंजाबी युवक कर रहा था परेशान- कमरे से मिला NOTE
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि जब सरकार के दावे तथ्यों के सामने टिक नहीं पाए, तो मुख्यमंत्री को अपने बयान से पीछे हटना पड़ा और गलती माननी पड़ी। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि लगातार ऐसे बयान दिए जा रहे हैं, जो बाद में गलत साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार पहले ही पूर्व भाजपा सरकार के समय खोले गए कई संस्थानों को बंद कर चुकी है और अब उनकी नजर जनकल्याणकारी योजनाओं पर है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि योजनाओं को बंद करने के लिए पहले उन्हें बदनाम किया जा रहा है, ताकि जनता के बीच उनके प्रति विश्वास कम किया जा सके।
यह भी पढ़ें : पंचायत चुनाव से पहले हिमाचल आएंगे राहुल गांधी, कांग्रेस नेताओं में भरेंगे जोश; देंगे जीत का मंत्र
पूर्व मुख्यमंत्री ने सहारा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि लाभार्थियों को पेंशन देने में अनियमितताएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में लाभार्थियों को मृत घोषित कर उनकी पेंशन रोकी जा रही है। साथ ही, स्वास्थ्य योजनाओं को लेकर भी भ्रम फैलाने के आरोप लगाए।
जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि भाजपा अब इस मुद्दे को लेकर चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेशभर में जाकर जनता को सरकार की नीतियों और फैसलों के बारे में जागरूक करेगी। उनके अनुसार, जनता मौजूदा सरकार की कार्यशैली से निराश है और बदलाव की उम्मीद कर रही है।