#राजनीति
August 24, 2026
अटैची लेकर विधानसभा पहुंचे BJP विधायक, CM सुक्खू के खिलाफ लगाए नारे... हुआ हंगामा
आज बेरोजगारी पर सुक्खू सरकार को घेरने की तैयारी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपा विधायक अटैची लेकर विधानसभा परिसर में पहुंचे और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायकों ने कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ‘अटैची वाला मुख्यमंत्री किसने देखा, हमने देखा’ जैसे नारे लगाए गए।
भाजपा ने यह प्रदर्शन कांग्रेस नेता और पूर्व CPS एवं कृषि मंत्री के बेटे नीरज भारती की ओर से लगाए गए कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को आधार बनाकर किया। भारती ने किसी का नाम लिए बिना अटैचियों को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। भाजपा अब इन्हीं आरोपों के जरिए मानसून सत्र में सरकार को घेरने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।
विधानसभा परिसर में प्रदर्शन के बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार व्यवस्थित तरीके से हो रहा है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि आज प्रदेश के हर चौराहे पर सरकार के भ्रष्टाचार की चर्चा हो रही है। उन्होंने दावा किया कि विकास कार्य ठप पड़े हैं और कई कामों में पहले से तय है कि टेंडर किसे मिलेगा, सप्लाई कौन करेगा और आउटसोर्स एजेंसी किसे दी जाएगी।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में खरीद और टेंडर प्रक्रिया को लेकर भी सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। भाजपा का आरोप है कि भ्रष्टाचार के लिए बाकायदा लोगों और कमीशन की व्यवस्था तय की गई है।हालांकि, ये सभी आरोप विपक्ष की ओर से लगाए गए हैं। इन आरोपों पर सरकार और संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

विधानसभा के बाहर प्रदर्शन के बाद अब तीसरे दिन सदन के भीतर भी हंगामे के आसार हैं। मानसून सत्र के शुरुआती दो दिन राष्ट्रगान और वंदे मातरम के गायन को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक की भेंट चढ़ चुके हैं।
भाजपा का आरोप है कि सदन की कार्यवाही राष्ट्रगान से शुरू होने के बाद वंदे मातरम का पूर्ण गायन नहीं कराया गया। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ और कार्यवाही प्रभावित हुई। भाजपा ने वंदे मातरम के पूर्ण गायन की मांग की है। वहीं कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर सदन की गंभीर कार्यवाही को बाधित कर रही है।
तीसरे दिन भाजपा बेरोजगारी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरने की तैयारी में है। विपक्ष काम रोको प्रस्ताव के जरिए युवाओं को रोजगार देने के कांग्रेस के चुनावी वादे पर सरकार से जवाब मांग सकता है।
कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान हर साल एक लाख रोजगार देने और पांच साल में पांच लाख रोजगार उपलब्ध कराने का वादा किया था। अब भाजपा इसी वादे को आधार बनाकर सरकार से सवाल पूछने की तैयारी में है।
विपक्ष का आरोप है कि सरकार अपने कार्यकाल में युवाओं को वादे के मुताबिक रोजगार नहीं दे पाई है। सरकारी भर्तियों और रोजगार के आंकड़ों को लेकर सदन में आज सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
आज सदन में ‘हिंदू गुजर’ प्रमाण पत्र का मुद्दा भी उठ सकता है। नालागढ़ के विधायक हरदीप बाबा ने राजस्व मंत्री से इस संबंध में सवाल पूछा है। विधायक ने पूछा है कि क्या गुज्जर प्रमाण पत्र में ‘हिंदू गुजर’ को शामिल करने को लेकर सरकार की ओर से कोई निर्देश जारी किए गए हैं।
साथ ही यह सवाल भी उठाया गया है कि क्या इससे सिख धर्म का पालन करने वाले गुजर समुदाय के लोगों को सेना में भर्ती के दौरान किसी तरह की परेशानी हो रही है। इस सवाल पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी सदन में सरकार का पक्ष रखेंगे।