#राजनीति
May 28, 2026
परिवार सहित मतदान केंद्र पहुंचे अनुराग ठाकुर, डाला वोट; बोले- जनता ने नकारी कांग्रेस की नीतियां
अनुराग ठाकुर ने जनता से मतदान करने की अपील की
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों के दूसरे चरण के दौरान गुरुवार को ग्रामीण क्षेत्रों में लोकतंत्र का उत्साह साफ देखने को मिला। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। इसी बीच हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर भी अपने गृह क्षेत्र समीरपुर में परिवार सहित मतदान केंद्र पहुंचे और गांव की सरकार चुनने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अपनी पत्नी के साथ सांसद ने आम नागरिकों की तरह पंक्ति में खड़े होकर वोट डाला, जो इस बात का प्रतीक है कि लोकतंत्र में हर एक वोट अमूल्य है। मतदान केंद्र पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। अनुराग ठाकुर अपनी पत्नी के साथ मतदान केंद्र पहुंचे और मतदान करने के बाद लोगों से भी लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल BREAKING : गहरी खाई में गिरी टैक्सी, 11 लोग थे सवार- तीन महिलाओं की मौ*त
मतदान करने के पश्चात सांसद अनुराग ठाकुर ने पंचायतीराज संस्थाओं के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को सुदृढ़ करने में पंचायतों की भूमिका सबसे अहम होती है, क्योंकि स्थानीय प्रतिनिधि ही ग्रामीण विकास की रूपरेखा तैयार करते हैं।
हिमाचल प्रदेश की पंचायतीराज व्यवस्था में महिलाओं को मिले 50 प्रतिशत आरक्षण की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आज ग्रामीण विकास के हर क्षेत्र में मातृशक्ति बढ़-चढ़कर अपना योगदान दे रही है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपने घरों से बाहर निकलकर मतदान करने की अपील की, क्योंकि जागरूक नागरिक और मजबूत पंचायतें ही एक सशक्त लोकतंत्र की असली पहचान हैं।
इस दौरान सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नगर निकाय और पंचायत चुनावों के पहले चरण के परिणामों ने साफ संकेत दे दिए हैं कि हिमाचल प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों से परेशान हो चुकी है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि जनता अब विकास और जनहित के मुद्दों पर जवाब मांग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार लोगों की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पाई है और इसका असर चुनाव परिणामों में साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों ने मतदान के माध्यम से सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की है।
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हार मिलने पर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाना उचित नहीं है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी राजनीतिक दलों को जनता के फैसले को स्वीकार करना चाहिए।
केरल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई पर मचे राजनीतिक घमासान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सांसद ने विरोध प्रदर्शनों को पूरी तरह से अशोभनीय करार दिया। उन्होंने कहा कि जब जांच एजेंसियां भ्रष्टाचार के मामलों में निष्पक्षता से अपना कार्य करती हैं, तो वर्षों तक सत्ता सुख भोगने वाले राजनीतिक दल और नेता बौखलाहट में उनके खिलाफ मोर्चा खोल देते हैं।