#राजनीति

October 14, 2025

हिमाचल कांग्रेस में अध्यक्ष पद की घोषणा के संकेत, दो नेता दिल्ली पहुंचे; बन रहे नए सियासी समीकरण

हिमाचल कांग्रेस  के दो बड़े नेता आज दिल्ली पहुंचे

शेयर करें:

Himachal Congress

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव अब बहुत करीब दिख रहा है। लंबे समय से लटका पड़ा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर अब जल्द फैसला होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार पार्टी हाईकमान ने नाम लगभग तय कर लिया है और औपचारिक घोषणा कभी भी हो सकती है। इस बदलाव के साथ ही प्रदेश में सियासी समीकरणों में भी हलचल तेज हो गई है।

 

इस सब के बीच आज मंगलवार को प्रदेश के दो कद्दावर नेता भी दिल्ली पहुंच गए हैं। इन दोनों नेताओं के दिल्ली पहुंचने से प्रदेश की सियासत गरमाने लगी है। प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल बीते शुक्रवार शिमला पहुंचीं थीं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मौजूदा अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर संगठन को लेकर फीडबैक लिया। पाटिल अब अपनी रिपोर्ट दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और शीर्ष नेतृत्व को सौंप चुकी हैं।

 

यह भी पढ़ें : लाठी के सहारे सड़कों पर उतरे बुजुर्ग पेंशनर, सुक्खू सरकार से लंबित एरियर-DA की उठाई मांग

अध्यक्ष पद की दौड़ में तीन बड़े नाम

सूत्रों के मुताबिक इस बार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में तीन नाम प्रमुखता से उभर रहे हैं जिसमें शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, विधायक कुलदीप राठौर और विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार। मंगलवार सुबह ही रोहित ठाकुर और कुलदीप राठौर दिल्ली पहुंचे। दोनों नेताओं का दिल्ली दौरा भले ही विभागीय व संगठनात्मक कारणों से होए लेकिन मौजूदा राजनीतिक स्थिति को देखते हुए इसे अहम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : तहसलीदार विवाद मामले में 7 गिरफ्तार, अब DSP रैंक का अधिकारी करेगा आगे की जांच

कुलदीप राठौर की बढ़ती स्वीकार्यता

कुलदीप राठौर के पक्ष में माहौल तब और मजबूत हुआ जब हाल ही में स्व वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में प्रतिभा सिंह ने सार्वजनिक मंच से उनकी जमकर तारीफ की थी। राजनीतिक गलियारों में इसे एक मजबूत संकेत के तौर पर देखा जा रहा है कि हाईकमान भी संगठन में एक संतुलित चेहरा सामने लाना चाहता है।

पंचायत चुनाव से पहले होगा बड़ा ऐलान

कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की कोशिश है कि दिसंबर में प्रस्तावित पंचायत चुनावों से पहले संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह मजबूत कर दिया जाए। ऐसे में न सिर्फ अध्यक्ष, बल्कि प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा भी जल्द संभव है। सूत्रों के मुताबिक कार्यकारिणी के अधिकांश नाम तय किए जा चुके हैं, और अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद ही शेष पदों पर मुहर लगेगी।

 

यह भी पढ़ें : लाठी के सहारे सड़कों पर उतरे बुजुर्ग पेंशनर, सुक्खू सरकार से लंबित एरियर-DA की उठाई मांग

संगठन भंग होने के बाद से प्रतिभा सिंह अकेली

गौरतलब है कि नवंबर 2024 में कांग्रेस की राज्य कार्यकारिणी, जिला और ब्लॉक कमेटियों को भंग कर दिया गया था। तब से पार्टी की गतिविधियों का संचालन अकेले प्रतिभा सिंह कर रही हैं। अब संगठनात्मक ढांचे के पुनर्गठन से कार्यकर्ताओं में भी नई ऊर्जा भरने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : तहसलीदार विवाद मामले में 7 गिरफ्तार, अब DSP रैंक का अधिकारी करेगा आगे की जांच

नेताओं के दिल्ली दौरे से बढ़ी अटकलें

जहां रोहित ठाकुर ने कहा कि वह केंद्रीय विद्यालयों से जुड़े विभागीय कार्य के लिए दिल्ली आए हैं, वहीं कुलदीप राठौर ने बताया कि वह संगठन निर्माण से जुड़े कार्यक्रमों के संबंध में हाईकमान से मुलाकात करेंगे। हालांकि, दोनों नेताओं की एक ही समय में दिल्ली मौजूदगी ने कांग्रेस खेमे में सियासी तापमान बढ़ा दिया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि हाईकमान से हरी झंडी मिलते ही अध्यक्ष और कार्यकारिणी की घोषणा हो सकती है। अब सबकी निगाहें दिल्ली पर टिकी हैं कि हिमाचल कांग्रेस की कमान किसके हाथ में सौंपी जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख