चंबा। देश में लोकसभा चुनाव का अंतिम दौर चल रहा है। अंतिम चरण के चुनाव हिमाचल प्रदेश में 1 जून को होने हैं। जिसके चलते भाजपा-कांग्रेस के स्टार प्रचारकों का हिमाचल में आना लगातार जारी है। ऐसे में आज जिला चंबा में कांग्रेस की स्टार प्रचारक और वरिष्ठ नेत्री प्रियंका वाड्रा ने जनसभा को संबोधित कर कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा के पक्ष में वोट मांगे।
धनबल पर टिकी है BJP की राजनीति
प्रियंका वाड्रा ने कहा कि PM मोदी ने धनबल की ताकत से प्रदेश सरकार को गिराने की कोशिश की है। PM मोदी हिमाचल में देवताओं के नाम पर वोट मांगते हैं। मगर मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार करके प्रदेश सरकार को गिराने की कोशिश की है।
यह भी पढ़ें: आज प्रियंका वाड्रा भरेंगी चुनावी हुंकार, करेंगी दो जनसभाएं संबोधित
बीजेपी की राजनीति केवल धनबल पर टिकी हुई है। बीजेपी सिर्फ सत्ता चाहती है। उन्होंने कहा कि PM मोदी और बीजेपी के नेताओं का सिर्फ एक ही मकसद है कि किसी भी तरह सत्ता को अपने हाथ में रखा जाए।
कैमरा लेकर घूमने आते हैं PM मोदी
प्रियंका ने कहा कि PM मोदी हिमाचल में घूमने आते हैं। मोदी जी कैमरा लेकर अपनी वीडियो वायरल करवाते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पोस्ट के पीछे गाना बज रहा था चंबा कितनी दूर। सही गाना था। क्योंकि PM मोदी चंबा और चंबा की जनता से पूरी तरह से कट गए हैं। उन्हें चंबा के लोगों के जीवन और संघर्षों के बारे में कुछ नहीं पता है।
बनी दुनिया की सबसे अमीर पार्टी
प्रियंका वाड्रा ने कहा कि PM मोदी देश में घूम-घूम कर कह रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी आपकी भैंस चुरा लेगी और मंगलसूत्र चुरा लेगी, यह कैसी बातें हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी कांग्रेस को भ्रष्ट कहते हैं। मगर कांग्रेस 55 वर्षों तक सत्ता में रही, लेकिन अमीर पार्टी नहीं बन पाई। जबकि, बीजेपी ने 10 वर्षों में ही दुनिया की सबसे अमीर पार्टी बन गई।
आपदा के समय नहीं दिखाया मुंह
प्रियंका ने कहा कि मोदी जी कहते हैं कि हिमाचल उनका दूसरा घर है। मगर आपदा के समय उन्होंने हिमाचल में मुंह भी नहीं दिखाया। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार चुनने की वजह से बीजेपी के नेताओं और केंद्र सरकार ने आपदा के दौरान जनता को नकारा था। इसी के चलते प्रदेश सरकार को जनता के लिए बनाई स्कीमें रोकनी पड़ी थी, क्योंकि सारा पैसा आपदा के समय लोगों को राहत देने में लगाया गया।
OPS के लिए नहीं है पैसे
प्रियंका वाड्रा ने कहा कि जब OPS की बात होती है तो मोदी सरकार कहती है कि पैसे नहीं है। मगर जब बड़े-बड़े खरबपतियों के 16 लाख करोड़ का कर्ज माफ करना होता है तो पैसे उपलब्ध हो जाते हैं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल घूमने आए थे युवक-युवती, दोनों ब्यास में बह गए; लड़की की देह मिली
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने हिमाचल के तमाम कोल्ड स्टोरेज अडानी को दे रखे हैं। अडानी ग्रुप सेब का रेट का तय करता है। जिसके कारण सेब बागवानों को सेब के सही दाम नहीं मिलता है।
किसानों का कर्ज होगा माफ
प्रियंका वाड्रा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों की कर्ज माफी के लिए स्थायी आयोग बनेगा। मनरेगा को मजबूत किया जाएगा। अग्निवीर योजना को रद्द किया जाएगा। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। 25 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज किया जाएगा। स्टूडेंट लोन माफ कर देंगे।