#राजनीति
March 7, 2026
बजट सत्र से पहले CM ने बुलाई कैबिनेट बैठक : आज कई बड़े फैसलों पर लग सकती है मुहर
बजट पेश करने से पहले बुलाई इस बैठक में कई अहम फैसलों पर चर्चा
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में बजट सत्र से पहले सरकार प्रशासनिक और नीतिगत फैसलों को अंतिम रूप देने में जुट गई है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आज राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। यह बैठक शिमला स्थित राज्य सचिवालय में आयोजित होगी। माना जा रहा है कि इस कैबिनेट मीटिंग में कई अहम फैसलों पर मुहर लग सकती है, जिनका सीधा असर प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था और आम जनता पर पड़ सकता है।
कैबिनेट बैठक में हाल ही में पेश किए गए बजट में की गई घोषणाओं को लागू करने को लेकर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं को तेजी से लागू करने के लिए विभागों को दिशा-निर्देश दे सकती है। इसके अलावा राज्य की आर्थिक स्थिति, राजस्व बढ़ाने के विकल्प और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की जा सकती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में गर्मी का असर तेज : तीन जिलों में हीट वेव का अलर्ट; जानें कब होगी बारिश-बर्फबारी
सूत्रों के अनुसार इस बैठक का सबसे अहम एजेंडा सरकारी विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरना हो सकता है। कई विभागों ने पहले ही अपने रिक्त पदों का ब्यौरा सरकार को भेज दिया है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि कैबिनेट इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने को मंजूरी दे सकती है। अगर ऐसा होता है तो प्रदेश के हजारों बेरोजगार युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों के नए अवसर खुल सकते हैं।
माना जा रहा है कि शिक्षा और पुलिस विभाग में नए पदों के सृजन को लेकर भी कैबिनेट में मंथन हो सकता है। इसके साथ ही अनुबंध कर्मचारियों और दैनिक वेतनभोगियों से जुड़े नीतिगत मामलों पर भी सरकार कोई महत्वपूर्ण निर्णय ले सकती है। प्रदेश के कर्मचारी वर्ग और युवा इस बैठक से काफी उम्मीदें लगाए बैठे हैं।
कैबिनेट बैठक में कुछ प्रशासनिक सुधारों और नीतियों में बदलाव को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। राज्य में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त राहत उपायों पर भी विचार किया जा सकता है। सरकार लंबित प्रशासनिक मामलों को तेजी से निपटाने के लिए विभागों को आवश्यक निर्देश भी दे सकती है।
आज होने वाली यह कैबिनेट बैठक राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टि से काफी अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि सुक्खू सरकार इस बैठक में कई ऐसे फैसले ले सकती है जो सीधे तौर पर युवाओं, कर्मचारियों और आम जनता से जुड़े होंगे। ऐसे में पूरे प्रदेश की नजर अब इस बैठक पर टिकी हुई है, जहां से बड़े फैसलों की घोषणा होने की उम्मीद जताई जा रही है।