#राजनीति

March 14, 2025

हिमाचल ब्रेकिंग: बंबर ठाकुर पर चली 12 राउंड गोलियां, बोले- AIIMS नहीं IGMC ले चलो

हिमाचल में होली के दिन चली गोली

शेयर करें:

himachal bilaspur congress

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर एक बार फिर जानलेवा हमला हुआ है। अज्ञात हमलावरों ने उनके आवास पर धावा बोलते हुए लगातार 12 राउंड फायरिंग की। इस दौरान बंबर ठाकुर के पैर में गोली लगी, जबकि उनके पीएसओ की हालत नाजुक बताई जा रही है।

IGMC रेफर किए गए बंबर ठाकुर

वारदात के बाद बंबर ठाकुर को पहले सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया, वहीं गंभीर रूप से घायल पीएसओ को एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। बंबर ठाकुर ने इलाज के लिए एम्स न भेजे जाने की मांग की, जिसके बाद उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।


डेढ़ साल में दूसरा हमला 

महज डेढ़ साल के भीतर बंबर ठाकुर पर यह दूसरा हमला है। इससे पहले 23 फरवरी 2024 को जबली में रेलवे प्रोजेक्ट के पास स्थित डीबीएल कंपनी के दफ्तर के बाहर उन पर हमला हुआ था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है।


होली के जश्न के बीच आई बुरी खबर 


इस बीच, प्रदेशभर में होली का पर्व पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने सरकारी आवास ओक ओवर में मंत्रियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ होली खेली। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मंत्री विक्रमादित्य सिंह और अन्य नेताओं ने भी मुख्यमंत्री के साथ रंगों का त्योहार मनाया।


मुख्यमंत्री सुक्खू और विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने राजभवन जाकर राज्यपाल के साथ होली का उत्सव मनाया, जहां पारंपरिक नाटी भी डाली गई। दूसरी ओर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के सरकारी आवास पर भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने होली खेली।


ऐसे में, जब प्रदेशभर में उत्सव का माहौल था, बिलासपुर में गोलीकांड जैसी गंभीर वारदात का सामने आना चिंता का विषय है। पुलिस और प्रशासन पर अब इस हमले के पीछे के कारणों और दोषियों को पकड़ने का दबाव बढ़ गया है।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख