शिमला। लोकसभा चुनाव परिणामों के साथ-साथ हिमाचल विधानसभा के उपचुनावों का परिणाम भी घोषित हो चुका है। लोकसभा में बुरी तरह से हराने के बावजूद विधानसभा उपचुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। लाहौल स्पीती से कांग्रेस प्रत्याशी अनुराधा राणा ने भारी बहुमत के साथ जीत हासिल की।
यह भी पढ़ें: हार के बाद बोले CM सुक्खू- हिन्दू बहुल राज्य था, इसलिए चारों सीटें जीत गई BJP
लाहौल स्पीति के त्रिकोणीय मुकाबले में जहां आजाद उम्मीदवार रामलाल मारकंडा 7 हजार 454 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, भाजपा प्रत्याशी रवि ठाकुर भी मात्र 3 हजार 49 वोट ही वोट हासिल कर पाए। जबकि, कांग्रेस की युवा प्रत्याशी अनुराधा राधा राणा ने अप्रत्याशित रूप से 9 हजार 414 वोट प्राप्त करके उपचुनाव में जीत हासिल की है।
कांग्रेस की इकलौती महिला विधायक बनी अनुराधा
अनुराधा राणा उपचुनाव जीतकर हिमाचल कांग्रेस के विधायक दल की इकलौती महिला विधायक बन गई हैं। अनुराधा के उपचुनाव जितने के बाद विधानसभा के दोनों खेमों में एक-एक महिला विधायक हो गई हैं। इससे पहले विधानसभा में पच्छाद विधानसभा से भाजपा विधायक रीना कश्यप विधानसभा में इकलौती महिला विधायक थी।
बनी सबसे युवा विधायक
31 वर्ष की अनुराधा राणा यह उपचुनाव जीतते ही हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा की सबसे युवा विधायक भी बन गई हैं। इससे पहले 27 वर्षीय चैतन्य शर्मा के पास विधानसभा में सबसे युवा विधायक होने का रिकार्ड प्राप्त था। मगर अब उनकी विधायकी जा चुकी है।
अनुराधा भरेंगी कैबिनेट में महिला मंत्री की सीट
वहीं, अनुराधा राणा के द्वारा दोनों दिग्गज नेताओं को हराने के बाद ये अनुमान लगाया जा रहा है कि सुक्खू कैबिनेट में उनको मंत्रिपद भी मिल जाएगा। समर्थकों को पूरी उम्मीद है कि सुक्खू सरकार में अनुराधा को महिला कोटे की सीट मिलेगी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में आचार संहिता हटते ही शुरू होंगी भर्तियां: महिलाओं को 1500 भी..
अगर ऐसा होता है तो सुक्खू कैबिनेट में जनजातीय क्षेत्र के दो मंत्री शामिल हो जाएंगे। किन्नौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत सिंह नेगी भी सुक्खू कैबिनेट में पहले से बागवानी और राजस्व मंत्री के रूप में काम कर रहे हैं।