शिमला। हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव खत्म होने के बावजूद सियासी गहमा-गहमी कम होने का नाम नहीं ले रही है। प्रदेश के दोनों दल एक-दूसर पर जमकर निशाना साध रहे हैं। इसी कड़ी में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल ने प्रदेश की सुक्खू सरकार का घेराव किया है।
जल रहे जंगल, पानी का संकट
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश में जंगल जल रहे हैं और प्रदेश सरकार AC रूम में बैठकर तमाशा देख रही है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि पूरे प्रदेश में पानी का संकट चल रहा है। मगर सुक्खू सरकार इसे गंभीरता से नहीं ले रही है और खामोशी की बैठी हुई है।
यह भी पढ़ें: मोदी-मेलोनी के वीडियो पर कंगना का कमेन्ट: यहां पढ़ें क्या बोलीं मंडी सांसद
AC रूम में बैठकर देख रहे तमाशा
राजीव बिंदल ने कहा कि पिछले दो महीनों से पूरे प्रदेश में जंगल धूं-धूं कर जल रहे हैं। प्रदेश के जंगल राख में तबदील हो रहे हैं। जंगलों के साथ लगते गांव आग की चपेट में हैं। लोगों के लिए आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है। मगर सुक्खू सरकार सत्ता सुख होने में खुश है। CM और मंत्रियों की फौज AC व कूलर वाले कमरों में बैठकर जंगलों में लगी आग का तमाशा देख रहे हैं।
मित्रों में मस्त हैं सुक्खू सरकार
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश में हत्या, बलात्कार, लूट-फिरौती जैसी घटनाओं का तांडव हो रहा है। मगर प्रदेश की सुक्खू सरकार मित्रों में मस्त है और जनता त्रस्त है। सुक्खू सरकार सिर्फ सरकार बचाने में मस्त है। सुक्खू सरकार अपने चेहतों और मित्रों को कैबिनेट रैंक बांटने में लगी हुई है।
चेहतों की चिंता है, जनता की नहीं
बिंदल ने कहा कि सुक्खू सरकार द्वारा प्रदेश का कर्ज में लिया हुआ पैसा भी सिर्फ दोस्तों को खुश करने में लगाया जा रहा है। प्रदेश सरकार को सिर्फ अपने चहेतों की चिंता है, जनता की नहीं। जबकि, आम जनता पीने के पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रही है। उन्होंने कहा जो पेयजल योजनाएं पिछले साल तक खूब पानी पीला रही थी। उन योजनाओं को एक साल में ही कांग्रेस सरकार ने बंटाधार कर दिया है।
जल संकट से जूझ रहा प्रदेश
वहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि एक तरफ प्रदेश में टूरिस्ट सीजन चल रहा है। दूसरी तरफ पूरा प्रदेश जालपूर्ति के भारी संकट का सामना कर रहा है। हर जगह पानी की कमी होने के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। प्रदेश की कई जगहों पर तो चार-पांच दिन बाद पानी आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहले से तय था कि गर्मी के मौसम में प्रदेश में टूरिस्ट सीजन चल रहा होता है। ऐसे में होटेल्स में भी पानी की खपत बढ़ती है। जिससे निपटने के लिए प्रदेश सरकार के पास खास प्रबंध होना चाहिए।
यह भी पढ़ें: हिमाचल पुलिस का जवान बन गया वायुसेना में फ्लाइट लेफ्टिनेंट
खामोश है सुक्खू सरकार
जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि प्रदेश की जनता व पर्यटकों को किसी तरह की कोई समस्या ना आए। मगर इस मामले में सुक्खू सरकार पूरी तरह से खामोश है। सरकार द्वारा जलसंकट को हल करने के लिए गंभीरता से काम नहीं किया जा रहा है।
चुनौतियों के लिए रहना चाहिए तैयार
जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार अपना दायित्व निभाए ताकि लोगों को किसी समस्या का सामना ना करना पड़े। उन्होंने कहा कि संभावित चुनौतियों के लिए सरकार को तैयार रहना चाहिए। इस तरह से प्रदेश के लोगों को हर जरूरी सुविधाओं के लिए परेशान नहीं किया जा सकता है।