हमीरपुर। हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने राहुल गांधी द्वारा वितरित की जा रही संविधान की प्रतियों की आलोचना करते हुए इसे कोरी और कांग्रेस की झूठी गारंटियों के समान बताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार की पहचान कुशासन, वादाखिलाफी, आर्थिक अव्यवस्था और विवादित निर्णयों से हो गई है।
झूठ फैलाने में माहिर है कांग्रेस
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस महाराष्ट्र में यह दावा कर रही है कि, वह जनता से किए गए वादों को पूरा कर रही है और हिमाचल में एक सुखद सरकार चला रही है। जबकि यह पूरी तरह से असत्य है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठ फैलाने में माहिर है और हिमाचल के आर्थिक हालात और सरकारी प्रबंधन के बारे में झूठे बयान देकर देशभर में भ्रम पैदा कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस ने राजस्थान से पकड़ा चोर- शिक्षक के घर गहने-नकदी पर फेरा था हाथ
जन भावनाओं का नहीं कोई सम्मान
उन्होंने कहा कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार न तो जनता की भावनाओं का सम्मान कर पा रही है और न ही अपने चुनावी वादों को निभा पाई है। इसके परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश की छवि देशभर में खराब हो रही है।
जनता के भरोसे का दुरुपयोग
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस हर राज्य में जनता को धोखा देने और उनके विश्वास का दुरुपयोग करने का काम कर रही है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने चुनाव से पहले 10 गारंटियों का वादा किया था लेकिन दो साल बीतने के बावजूद इनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: प्रोफेसर ने छात्रा से क्लास में कर दी नीच हरकत, जमकर हुआ हंगामा
टैक्स लगाकर कर रही वसूली
उन्होंने आगे कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार ने मुफ्त बिजली और पानी देने का वादा किया था लेकिन अब बिजली पर सेस और पानी पर अतिरिक्त शुल्क लगाया जा रहा है। यहां तक कि टॉयलेट की सीट पर टैक्स लगाकर वसूली की जा रही है। उन्होंने कांग्रेस पर चुनाव के दौरान झूठे वादों और गारंटियों के जरिए जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।