#राजनीति
March 22, 2025
मोदी सरकार ने किया हिमाचल से भेदभाव, राज्यसभा में गूंजा मामला; मांगा प्रदेश का हक
कांग्रेस प्रभारी ने उठाया मुद्दा, बोली- आपदा में मांगे 10 हजार करोड़, मिले 400 करोड़
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल में साल 2023 में आई भयंकर प्राकृतिक आपदा का मामला राज्यसभा में जमकर गूंजा। राज्यसभा सांसद और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने इस मामले को राज्यसभा में उठाया और केंद्र की मोदी सरकार को आपदा में हिमाचल की मदद ना करने पर जमकर घेरा। रजनी पाटिल ने बीते रोज शुक्रवार को राज्यसभा में यह मामला उठाया और केंद्र की मोदी सरकार से हिमाचल का हक मांगा।
रजनी पाटिल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में साल 2023 में भयंकर प्राकृतिक आपदा आई थी। इस प्राकृतिक आपदा में जहां 500 से अधिक लोगों की मौत हो गई। वहीं हजारों लोग बेघर हो गए। इस प्राकृतिक आपदा में हिमाचल प्रदेश के आधारभूत ढांचे को हजारों करोड़ का नुकसान हुआ। बावजूद इसके केंद्र सरकार ने इसकी भरपाई के लिए हिमाचल के साथ भेदभाव किया।
यह भी पढ़ें : सदन में ना CM सुक्खू, ना जयराम ठाकुर - बजट छोड़ कहां गए दोनों, यहां जानें
हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने इस प्राकृतिक आपदा में हुए नुकसान के लिए केंद्र सरकार से 10 हजार करोड़ रुपए की मांग की थी, लेकिन केंद्र की मोदी सरकार ने मात्र 400 करोड़ रुपए जारी किए। यह 400 करोड़ ऊंच के मुंह में जीरा के समान थे। रजनी पाटिल ने कहा कि यह सरेआम हिमाचल के साथ भेदभाव है। उन्होंने कहा कि आपदा और त्रासदी के समय में भी राजनीति करना उचित नहीं है।
यह भी पढ़ें : 'लक्कड़ माफिया' का कारनामा: पकड़ी गई चोरी तो गाड़ी ही जला दी, जानें कहां का है केस..
हिमाचल कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि इन मसलों पर प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कई बार केंद्र सरकार के समक्ष मांग उठा चुके हैं। लेकिन केंद्र की मोदी सरकार ने हिमाचल के साथ सौतेला व्यवहार किया और मात्र 400 करोड़ रुपए जारी कर इतश्री कर ली। उन्होंने केंद्र सरकार से शेष राशि जारी करने की पुरजोर मांग की। इस दौरान पाटिल ने सदन में वायनाड समेत अन्य राज्यों में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का भी जिक्र किया। रजनी पाटिल ने नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।