मंडी। हिमाचल की मंडी संसदीय सीट से चुनाव लड़ रहे विक्रमादित्य और कंगना रनौत के बीच जुबानी जंग जारी है। यह जुबानी जंग कभी परिवारवाद तो कभी निजी जीवन तक पहुंच जा रही है। इस सब के बीच अब कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने देव संस्कृति का हवाला देते हुए कंगना पर तीखा हमला किया है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जिन भी मंदिरों में कंगना जा रही है, वहां की सफाई जरूरी है।
विक्रमादित्य सिंह ने दिया देव समाज का हवाला
विक्रमादित्य सिंह ने देव समाज का हवाला देते हुए कहा कि आज कंगना जिन-जिन मंदिरों में जा रही है, उन मंदिरों की साफ-सफाई करवाना जरूरी है।
यह भी पढ़ें: कंगना-जयराम को काजा में घुसने से रोका, चले पत्थर-लगे गो बैक के नारे
कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने यह बात आज द्रंग विधानसभा के टकोली में देव नीति व देव संस्कृति का हवाला देते हुए कही। कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि कंगना के खान-पान को लेकर सोशल मीडिया पर आए दिन कई तरह की बातें हो रही हैं।
देव समाज के लोग आहत
इन बातों से देव समाज व देव नीति के लोग काफी आहत हैं। देव नीति के विपरीत कई तरह के प्रहार कर देव समाज को कलंकित करने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। देवभूमि में रहकर प्रदेश के लोग देव नीति पर निष्ठा व विश्वास रखते हैं।
हिम्मत है तो मोदी को कुर्सी छोड़ने के लिए कहे कंगना
वहीं, विक्रमादित्य सिंह ने कंगना के सालों से कुर्सी से चिपके रहने के बयान पर भी पलटवार किया। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जनता ने उनके परिवार को यह आशीर्वाद दिया है। जिसके चलते उनके पिता स्व. वीरभद्र सिंह 6 बार CM बने।
यह भी पढ़ें: इनसे मंत्रालय तो सही ढंग से संभल नहीं रहा है, चले हैं सांसद बनने- कंगना
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अगर आपमें इतनी हिम्मत है तो हमारे परिवार पर निजी तौर पर आरोप लगाने के बजाय PM मोदी को भी कुर्सी छोड़ने के लिए कहें। PM मोदी भी कई सालों तक गुजरात के CM रहे हैं और अब 74 वर्ष की उम्र में तीसरी बार PM बनने का सपना देख रहे हैं।
दो नावों पर सवार कंगना जल्द डूबेगी
विक्रमादित्य सिंह यहीं नहीं रूके, उन्होंने कहा कि कंगना दो नावों पर सवार होने का प्रयास कर रही है। कंगना हर मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ही गुणगान कर रही है। लेकिन मोदी के जाप से उनकी नाव नहीं बचने वाली। उनकी एक टांग मुंबई और एक टांग हिमाचल में है और दो नावों पर सवार होने वाले जल्द ही डूब जाते हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने कंगना को नसीहत देते हुए कहा कि अपना बोरिया बिस्तर तैयार रखो और 4 जून के बाद मुंबई में फिल्म प्रोजेक्टों पर काम करने की तैयारी करो।