देहरा। हिमाचल में तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का प्रचार अपने चरम पर है। प्रत्याशी मतदाताओं को लुभाने के लिए हर पैंतरा आजमा रहे हैं। देहरा विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रही है। उनके सामने भाजपा प्रत्याशी और दो बार निर्दलीय चुनाव जीत चुके होशियार सिंह चुनावी दंगल में हैं।
कमलेश ने खेला इमोशनल कार्ड
देहरा में अपने चुनाव प्रचार के दौरान कमलेश ठाकुर बार बार लोगों को उनके क्षेत्र की बेटी बतला रही है। अब कमलेश ठाकुर ने इमोशनल कार्ड भी खेला है। अपने चुनाव प्रचार के दौरान कमलेश ठाकुर ने कहा कि वह देहरा वालों की ध्याण (गांव की बेटी) हूं। कमलेश ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में ध्याण को मायके से खाली हाथ ससुराल नहीं भेजा जाता है। ऐसे में आप भी अपनी ध्याण यानी मुझे यहां से खाली हाथ मत भेजना।
यह भी पढ़ें: हमीरपुर में दांव पर लगी है अनुराग ठाकुर की साख, क्या दिलवा पाएंगे आशीष को बड़ी जीत
देहरा में रहकर करूंगी जनता की सेवा
कमलेश ठाकुर ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद मैं क्षेत्र में रहकर ही लोगों की सेवा करूंगी और विकास के काम करूंगी। उन्होंने कहा कि देहरा में नई योजनाएं लाई जाएंगी। ताकि युवाओं को घर के पास ही रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से विकास की दृष्टि में देहरा विधानसभा काफी पिछड़ा हुआ है। लेकिन अब यहां के लोगों के पास अपनी गलती सुधारने का मौका है।
पौंग डैम विस्थापितों की समस्याओं का करेंगे हल
कमलेश ठाकुर ने कहा कि पौंग डैम विस्थापितों की समस्याओं से वह और प्रदेश सरकार परिचित है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने खुद इन समस्याओं के समाधान का वादा किया है। सीएम पहले ही कह चुके हैं कि अगर विस्थापितों की समस्या के समाधान के लिए कानून भी बदलना पड़े तो वो बदल देंगे, लेकिन विस्थापितों को उनका हक दिलवा कर रहेंगे।
यह भी पढ़ें: जमानत पर थे स्व. वीरभद्र सिंह, रिज पर नहीं लगेगी प्रतिमा; इस पूर्व मंत्री ने किया विरोध
होशियार सिंह ने क्षेत्र को किया बदनाम
इस दौरान कमलेश ठाकुर ने भाजपा प्रत्याशी होशियार सिंह पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि होशियार सिंह ने देहरा की जनता का अपमान किया है। होशियार सिंह के कारण क्षेत्र की बदनामी हुई है, लेकिन अब जनता के पास इस कलंक को मिटाने का मौका है। देहरा विधानसभा क्षेत्र के मतदाता उपचुनाव में कांग्रेस का साथ दें और कांग्रेस प्रत्याशी को भारी वोटों से जीत विजयी बनाएं।